Heat Wave: मार्च की शुरुआत में बढ़ी तपिश, कई शहरों में पारा 35° पार, फलौदी सबसे गर्म

Heat Wave: मार्च की शुरुआत में बढ़ी तपिश, कई शहरों में पारा 35° पार, फलौदी सबसे गर्म

Phalodi Hottest: जयपुर. राज्य में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी लोगों को मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का अहसास करा रही है। India Meteorological Department Jaipur के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की प्रबल संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में सक्रिय है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम की तेज हवाएं (करीब 105 नॉट) बह रही हैं। हालांकि, इसका सीधा असर राजस्थान पर फिलहाल नहीं पड़ेगा। 6 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे वहां तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क ही रहेगा। 5 मार्च तक दिन में 20–30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

तापमान की बात करें तो कई शहरों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सबसे ज्यादा गर्मी फलौदी में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रहा और यह प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा। इसके अलावा बाड़मेर 38.3, जैसलमेर 36.5, जोधपुर 36.6, बीकानेर 36.1, चित्तौड़गढ़ 35.8, जवाई डैम 35.4, पिलानी 35.3 और चूरू 35.2 डिग्री सेल्सियस के साथ गर्म रहे। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक 20.2 डिग्री रहा।

प्रदेश के पश्चिमी और मरुस्थलीय इलाकों में दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। सुबह-शाम हल्की ठंडक जरूर महसूस हो रही है, लेकिन दिन चढ़ते ही गर्मी बढ़ रही है।

आने वाले दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 5 मार्च तक तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहेगी और किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। फिलहाल बारिश या बादल छाने की कोई संभावना नहीं दिख रही है, जिससे गर्मी का असर और तेज हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *