‘वह हर मैच में रन नहीं बनाएगा’, जानें CSK के कोच ने संजू सैमसन को लेकर क्यों कही ये बड़ी बात!

‘वह हर मैच में रन नहीं बनाएगा’, जानें CSK के कोच ने संजू सैमसन को लेकर क्यों कही ये बड़ी बात!

IPL 2026, CSK vs PBKS: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही है। टीम अपने शुरुआती दोनों मैच हार चुकी है। लेकिन इस हार से ज्यादा चर्चा राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई में आए संजू सैमसन की खराब फॉर्म की हो रही है। अब इस मामले पर टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने चुप्पी तोड़ी है।

होम ग्राउंड पर संजू का फ्लॉप डेब्यू

शुक्रवार, 3 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में सबकी नजरें संजू सैमसन पर थीं। पीली जर्सी में अपने नए होम ग्राउंड (चेपॉक) पर संजू से बड़े धमाके की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने निराश किया। संजू सिर्फ 7 गेंदों पर 7 रन बनाकर आउट हो गए। इससे पहले राजस्थान के खिलाफ पहले मैच में भी वह केवल 6 रन ही बना पाए थे।

‘चिंता की बात नहीं’ – कोच ने किया संजू का बचाव

लगातार दो मैचों में फ्लॉप होने के बाद जब सैमसन की बैटिंग पर सवाल उठे, तो कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने संजू का खुलकर समर्थन किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में फ्लेमिंग ने कहा, ‘वह हर बार रन नहीं बनाएगा। यह टी20 क्रिकेट है और आज बस वो एक ही गेंद को किनारे के लगा पाए है। वह अच्छी फॉर्म में हैं और कड़ी मेहनत कर रहे हैं। जब संजू अपनी लय में होते हैं, तो वह अकेले दम पर मैच जिताने का जज्बा रखते हैं। इसलिए, सिर्फ दो पारियों से घबराने की कोई जरूरत नहीं है।’

चेपॉक में खराब रिकॉर्ड

संजू सैमसन के लिए चेन्नई का एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) लकी साबित नहीं हो रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो इस मैदान पर खेली गई 6 पारियों में उन्होंने सिर्फ 66 रन बनाए हैं। यहां उनका औसत महज 11 और स्ट्राइक रेट 100 का है। यह किसी भी आईपीएल मैदान पर संजू का सबसे खराब रिकॉर्ड है।

वर्ल्ड कप हीरो से काफी उम्मीदें

संजू सैमसन का CSK में आना इस सीजन का सबसे बड़ा ट्रांसफर (ट्रेड) था। भारत को 2026 टी20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे संजू से फैंस को काफी उम्मीदें हैं। सीएसके पिछले साल पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही थी, ऐसे में टीम को वापसी के लिए संजू के बल्ले से रनों की जरूरत है।

मुश्किल में चेन्नई, अब RCB से टक्कर

लगातार दो हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है और उनका नेट रन रेट (-2.562) भी काफी खराब है। अब CSK का अगला मुकाबला 5 अप्रैल को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ है। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि संजू इस मैच में अपनी पुरानी फॉर्म में लौटेंगे और टीम का खाता खोलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *