Hamirpur में संपत्ति विवाद के चलते बुजुर्ग मां की हत्या, आरोपी बेटा आनंदी यादव गिरफ्तार

Hamirpur में संपत्ति विवाद के चलते बुजुर्ग मां की हत्या, आरोपी बेटा आनंदी यादव गिरफ्तार

हमीरपुर जिले के सुमेरपुर क्षेत्र में संपत्ति के विवाद में ईंट से सिर कुचलकर अपनी बुजुर्ग मां की हत्या करने के आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चन्दपुरवा गांव निवासी आनंदी यादव (52) ने शनिवार देर शाम अपनी 74 वर्षीय मां रामश्री की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि हत्या करने के बाद आनंदी अपनी मां के शव के पास चार घंटे तक बैठा रहा।

घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। सुमेरपुर थाने के प्रभारी पवन पटेल ने बताया कि हत्या के आरोपी आनंदी यादव ने 2013 में संपत्ति के बंटवारे के विवाद में अपने सगे छोटे भाई की भी हत्या कर दी थी लेकिन कुछ समय बाद आपसी समझौता होने पर 2014 में उसकी जमानत हो गयी थी और तब से वह अपनी मां के साथ ही रह रहा था।

उन्होंने बताया कि यादव की मां रामश्री के पास आठ बीघा कृषि भूमि थी, जिसे बेचने का दबाव वह समय-समय पर बनाता रहता था। पटेल ने बताया कि रामश्री की हत्या के मामले में उसके बड़े दामाद अशोक ने सुमेरपुर में दी गई तहरीर में इस बात की भी आशंका जताई है कि आनंदी यादव उसकी भी हत्या कर सकता है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आनंदी से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *