सीएम संग आधे घंटे की सीक्रेट मीटिंग, मेयर उमेश गौतम को मिला फुल पावर, अब चलेगा फुल स्पीड में बुलडोजर

सीएम संग आधे घंटे की सीक्रेट मीटिंग, मेयर उमेश गौतम को मिला फुल पावर, अब चलेगा फुल स्पीड में बुलडोजर

बरेली। शहर के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा संकेत मिला है। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की, जहां करीब आधे घंटे तक शहर के समग्र विकास, अतिक्रमण अभियान और नई योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बरेली में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए और अभियान लगातार जारी रखा जाए। साथ ही विकास कार्यों में तेजी लाने और शहर को व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया।

17 नगर निगमों की होगी समीक्षा, बरेली पर खास नजर

महापौर परिषद के अध्यक्ष होने के नाते डॉ. उमेश गौतम ने प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों के विकास कार्यों पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि जल्द ही इन सभी नगर निगमों की एक बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें शहरी विकास की नई योजनाओं और प्रगति का आकलन होगा। बैठक में साफ तौर पर यह बात सामने आई कि आने वाले समय में नगर निगम का फोकस जनसुविधाओं के विस्तार और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर रहेगा। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बरेली लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

हनुमान जी की प्रतिमा भेंट कर जताया सम्मान

मुलाकात के दौरान महापौर ने मुख्यमंत्री को भगवान हनुमान जी की भव्य प्रतिमा भेंट की। इसे शहर के विकास के प्रति समर्पण और शुभकामनाओं का प्रतीक बताया गया। मुख्यमंत्री ने इस भेंट को स्वीकार करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया। इस मुलाकात के बाद बरेली के लिए कई नई परियोजनाओं के जल्द जमीन पर उतरने की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया, जिससे शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिल सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *