Guna News: बाइक की हेडलाइट के बाद अब टॉर्च की रोशनी में हुआ अंतिम संस्कार

Guna News: बाइक की हेडलाइट के बाद अब टॉर्च की रोशनी में हुआ अंतिम संस्कार

Guna Mukti Dham: मध्यप्रदेश के गुना शहर के मुक्तिधामों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव किस कदर बना हुआ है, इसकी एक और चिंताजनक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। शहर के बूढ़े बालाजी स्थित श्रीराम मुक्तिधाम में बिजली व्यवस्था ठप होने से परिजनों को अपने परिजन का अंतिम संस्कार मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में करने मजबूर होना पड़ा। अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे लोगों ने अपने-अपने मोबाइल के टॉर्च जलाए और इसी रोशनी में अंतिम संस्कार की क्रिया पूरी की।

मोबाइल टॉर्च की रोशनी में अंतिम संस्कार

जानकारी के अनुसार शहर के बताशा गली में रहने वाले गौतम जैन के निधन के बाद परिजन शाम 7.30 बजे अंतिम संस्कार के लिए लेकर पहुंचे थे। मुक्तिधाम में लाइट की कोई व्यवस्था नहीं थी और अंधेरा छाया हुआ था। मजबूरी में परिजनों और वहां मौजूद लोगों ने अपने-अपने मोबाइल की टॉर्च जलाकर अंतिम संस्कार की क्रिया पूरी कराई। दुख की इस घड़ी में परिजनों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में भारी असुविधा और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाइक की हेडलाइट की रोशनी में हुआ था अंतिम संस्कार

गुना शहर के मुक्तिधामों में बदहाली का यह कोई पहला मामला नहीं है। इसके दो दिन पहले कैंट स्थित मुक्तिधाम से भी इसी तरह से बाइक की हेडलाइट की रोशनी और मोबाइल टॉर्च की रोशनी में अंतिम संस्कार किए जाने की तस्वीरें सामने आ चुकी है। कैंट मुक्तिधाम के मामले में प्रशासनिक खामियों पर काफी हो-हल्ला हुआ था, जिसके बाद बड़े- बड़े दावे किए गए। लेकिन ठीक दो दिन बाद बूढ़े बालाजी मुक्तिधाम की इस ताजा घटना ने साफ कर दिया है कि जिम्मेदारों ने पुरानी घटनाओं से कोई सबक नहीं लिया है।

शहरवासियों में आक्रोश

शहरवासियों और समाजसेवियों में नगर पालिका की इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मुक्तिधाम जैसी संवेदनशील जगह पर जहां लोगों की भावनाएं जुड़ी होती हैं, वहां प्रकाश और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लोगों मांग की है कि, शहर के सभी मुक्तिधामों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, हाइमास्ट लाइटें और जनरेटर की तत्काल व्यवस्था की जाए ताकि किसी भी परिवार को ऐसे दुख के समय में इस तरह की अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *