केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की शनिवार को दिल्ली में होने वाली आगामी रैली को ‘‘गंभीर राजनीतिक भूल’’ करार दिया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से आत्मचिंतन करने को कहा। रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ गठबंधन की विशाल रैली की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कथित चुनावी अनियमितताओं के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शक्ति प्रदर्शन के लिए विभिन्न राज्यों से विपक्षी नेता और समर्थक राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने लगे हैं।
पुरी ने यहां अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 31 अक्टूबर, 1984 को हत्या के बाद हुई हिंसा में तीन हजार से अधिक लोग मारे गए थे। उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में ये सामूहिक हत्याएं एक नवंबर से चार नवंबर तक जारी रहीं।’’
उन्होंने सुझाव दिया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की रैली चार नवंबर के बाद आयोजित की जा सकती थी। पुरी ने रविवार को होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली को 42 साल पहले हुए सामूहिक अत्याचारों के प्रति ‘‘पूरी तरह असंवेदनशील’’ बताया।

