जयपुर। धानक्या रेलवे ट्रैक के पास मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही चचेरे भाई ने की थी। आरोपी के मृतक की पत्नी यानी अपनी भाभी से प्रेम संबंध थे। इसी रिश्ते में बाधा बनने के चलते उसने श्रवण सिंह की हत्या की साजिश रची। वारदात के बाद उसने शव को रेलवे हादसे का रूप देने की कोशिश की। इसके लिए मृतक की चप्पलें और बैग शव से कुछ दूरी पर फेंक दिए, ताकि लगे कि ट्रेन की टक्कर से शव दूर जा गिरा। हालांकि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों ने उसकी चालाकी उजागर कर दी। पुलिस ने आरोपी को झुंझुनूं से गिरफ्तार कर लिया है। अब मृतक की पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 30 अक्टूबर को बिंदायका थाना क्षेत्र में धानक्या रेलवे फाटक के पास रेलवे लाइन के नजदीक एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो परिस्थितियां संदिग्ध नजर आईं। इसके बाद एफएसएल टीम को बुलाया गया और विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
करवा चौथ पर साथ निकले, रास्ते में रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि झुंझुनूं जिले के गोविंदपुरा मेहाड़ा निवासी श्रवण सिंह (34) 29 अक्टूबर को करवा चौथ के दिन अपने चचेरे भाई भवानी सिंह उर्फ कालू (28) के साथ मकराना से गांव जाने के लिए रवाना हुआ था। दोनों जयपुर के बजाय फुलेरा उतर गए। यहां से लिफ्ट लेकर शाम करीब 6:30 बजे धानक्या पहुंचे। आरोपी श्रवण को बातचीत में उलझाकर रेलवे ट्रैक की तरफ ले गया।
ट्रेन के सामने धक्का देकर की हत्या
पुलिस के अनुसार आरोपी ने ट्रेन आने के दौरान श्रवण को धक्का दे दिया। घायल होने के बाद उसने पास पड़ी लोहे की पट्टी से उसके सिर पर वार किया। इसके बाद शव को रेलवे हादसा दिखाने के लिए चप्पल और बैग दूर फेंक दिए। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पहले से ही वारदात की योजना बना रखी थी।
सीसीटीवी से खुला राज, भाभी की भूमिका की जांच
पुलिस ने जयपुर से फुलेरा, झुंझुनूं और रेवाड़ी की ओर जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। धानक्या रेलवे फाटक के कैमरे में संदिग्ध नजर आने के बाद पुलिसकर्मी श्रीराम ने उसकी पहचान में अहम भूमिका निभाई। पुलिस टीम ने शुक्रवार देर रात झुंझुनूं के मिहाड़ा थाना क्षेत्र से भवानी सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी से थे प्रेम-संबंध
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के अपनी भाभी से प्रेम संबंध थे और श्रवण को इसकी जानकारी हो गई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या के बाद मृतक की पत्नी को फोन कर वारदात की जानकारी भी दी थी। फिलहाल पुलिस मृतक की पत्नी की भूमिका और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
यह वीडियो भी देखें :

