Gujarat Murder Case: भरूच जिले की आमोद तहसील स्थित इखर गांव में 92 वर्षीय वृद्ध पिता की हत्या के आरोप में उनके ही 57 वर्षीय बेटे मुस्ताकअली पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बेटे ने गांव की सीमा में बकरियां चराने गए अपने वृद्ध पिता पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक और सामाजिक प्रतिष्ठा से जुड़ा कारण सामने आने की आशंका है।
अधजला शव मिला था
जानकारी के अनुसार आमोद के इखर गांव से मेसराज की ओर जाने वाले रास्ते पर बबूल की झाड़ियों से एक वृद्ध का अधजला शव बरामद हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव की पहचान इखर गांव के 92 वर्षीय वृद्ध के रूप में की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वृद्ध बकरियां चराने गए थे, तभी उनके साथ कथित रूप से यह वारदात हुई। आरोप है कि उनके बेटे मुस्ताक अली पटेल ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगाई थी।
पिता से नाराज था बेटा
पुलिस जांच की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी मुस्ताक कथित तौर पर इस बात से नाराज था कि उसके पिता गांव के लोगों से बार-बार उधार पैसे मांगते थे। उसे सामाजिक बदनामी का डर था। पुलिस को आशंका है कि इसी नाराजगी के चलते आरोपी ने अपने ही पिता की हत्या की। पुलिस ने मुस्ताक को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर आगे की जांच जारी है।
हादसे में युवती की मौत
वहीं दूसरी तरफ वडोदरा के अटल ब्रिज पर डंपर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा वडीवाडी फायर स्टेशन के पास हुआ, जहां डंपर का पिछला पहिया युवती के ऊपर से गुजर गया। पुलिस ने डंपर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान हेतवी जितेंद्र मांडगे के रूप में हुई है। वह वडोदरा के दिवालीपुरा क्षेत्र स्थित हाथीभाईनगर, मारुतिधाम में रहती थी। हादसे की सूचना मिलते ही गोरवा पुलिस मौके पर पहुंची। युवती के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोत्री अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

