Gujarat: हिम्मतनगर के पास बेकाबू कार ने पदयात्रियों को मारी टक्कर, एक की मौत, 11 जख्मी

Gujarat: हिम्मतनगर के पास बेकाबू कार ने पदयात्रियों को मारी टक्कर, एक की मौत, 11 जख्मी

Ahmedabad. हिम्मतनगर. साबरकांठा जिले के मुख्यालय हिम्मतनगर के पास स्थित दोलगढ़ पाटिया के पास सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। अंबाजी दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के एक पदयात्री संघ के लोगों को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 12 पदयात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक श्रद्धालु की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और यात्रियों की भीड़ ने टक्कर मारने वाली कार को घेर लिया और उसमें आग लगा दी।

भागने की कोशिश करने वाले चालक को घेरा

जानकारी के अनुसार फोरलेन हाईवे पर प्रतिबंधात्मक अधिसूचना लागू होने के बावजूद तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही जारी है, जिससे पदयात्रियों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है। हादसे के बाद कार चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन यात्रियों के आक्रोशित टोले ने उसे रोक लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने टक्कर मारने वाली कार को आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इलाज के दौरान एक श्रद्धालु ने तोड़ा दम

सूत्रों के तहत हादसे में घायल सभी 12 पदयात्रियों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए हिम्मतनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक पदयात्री मोहन वाघेला की मौत हो गई। वे साबरकांठा जिले की तलोद तहसील के नाना चेखला गांव के रहने वाले थे।

11 घायलों का उपचार जारी

इसघटना में जख्मी हुए पदयात्रियों में पंचमहाल रोडरा निवासी दिलीपकुमार, साबरकांठा जिले की तलोद तहसील के नाना चेखला निवासी महेश पटेल, चेतना वाघरी, वक्तु वाघरी, रमेश परमार, आशा पटेल, रणजीत वाघेला, खेड़ा जिले के कपड़वंज के उकेड़ी ना मुवाड़ा गांव निवासी हार्दिक सोलंकी, पंचमहाल जिले की जांबूघोड़ा तहसील के कणजी पाणी गांव निवासी सुनील बारिया, गोधरा तहसील के दाणोतरा गांव निवासी मुकेश पटेल व विजय पटेल शामिल हैं।

सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे अस्पताल

हादसे की गंभीरता को देखते हुए साबरकांठा जिला पुलिस अधीक्षक, एलसीबी, बी-डिवीजन और ग्रामीण पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। दूसरी ओर, स्थानीय सांसद शोभना बारैया, स्थानीय विधायक और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के साथ सिविल अस्पताल पहुंची। घायलों का हाल-चाल जाना। जिला कलक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक और प्रांत अधिकारी ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की तथा डॉक्टरों को घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के कड़े निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *