Gonda News: गोंडा के सागर तालाब में सोमवार को मिले युवती के शव की पहचान 24 घंटे के बाद हो गई है। मृतका विष्णुपुरी कॉलोनी की रहने वाली 19 वर्षीय रितिका दुबे थी। वह रविवार शाम से घर से लापता थी। मंगलवार सुबह पहचान होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मौत की वजह और घटना से जुड़े हालात की जांच कर रही है।
सोमवार दोपहर तालाब में मिला था शव
नगर कोतवाली क्षेत्र के सागर तालाब में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कोशिश शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। लेकिन सोमवार को मृतका की पहचान नहीं हो सकी। मंगलवार सुबह मृतका की पहचान रितिका दुबे के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार रितिका रविवार देर शाम से अपने घर से लापता थी। उसके परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई है। बेटी की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।
मौत की वजह पर पुलिस की जांच
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि रितिका की मौत तालाब में डूबने से हुई। पुलिस आत्महत्या की आशंका को लेकर भी जांच कर रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। नगर कोतवाली पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रितिका किन परिस्थितियों में घर से निकली थी और तालाब तक कैसे पहुंची। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जिससे घटना से जुड़ी जानकारी मिल सके।
बाहरी व्यक्ति की भूमिका की जांच
नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी का कहना है कि शव की पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण साफ होगा। अभी तक की जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के शामिल होने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच कर रही है।

