Gonda News: मोबाइल चार्जर लगाते ही 19 साल के युवक को लगा करंट, अस्पताल पहुंचते ही मौत

Gonda News: मोबाइल चार्जर लगाते ही 19 साल के युवक को लगा करंट, अस्पताल पहुंचते ही मौत

Gonda News: गोंडा में मोबाइल चार्जर लगाना एक 19 वर्षीय युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। मनकापुर कस्बे के सुभाषनगर इलाके में बोर्ड में चार्जर लगाते समय युवक करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोग उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के मनकापुर कस्बे में करंट लगने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ। जब युवक एक घर में मोबाइल चार्जर लगाने के लिए बिजली के बोर्ड के पास गया था। चार्जर लगाते ही वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। जानकारी के अनुसार, मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के रुदापुर गांव का रहने वाला 19 वर्षीय महेंद्र कैटरिंग का काम करता था। वह अपने पड़ोसी के साथ कैटरिंग के काम के सिलसिले में मनकापुर कस्बे के सुभाषनगर इलाके में एक घर पर बर्तन लेने गया था।
बताया गया कि घर में बर्तन लेने के दौरान महेंद्र मोबाइल चार्ज करने के लिए बिजली के बोर्ड में चार्जर लगाने लगा। जैसे ही उसने चार्जर बोर्ड में लगाया। वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह वहीं गिरकर अचेत हो गया। अचानक हुए हादसे से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

Gonda News
रोते परिजन फोटो सोर्स महेंद्र तिवारी

स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते ही डॉक्टर ने घोषित किया मृत

आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह युवक को संभाला और उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर लेकर पहुंचे। परिजन और स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महेंद्र की मौत की खबर मिलते ही रुदापुर गांव स्थित उसके घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर दिया है।

घटनाक्रम की जांच करने में जुटी पुलिस

अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना की सूचना मनकापुर कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किस वजह से हुआ और बिजली के बोर्ड में किसी तरह की तकनीकी खराबी थी या नहीं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *