Gonda News: गोंडा के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में 1857 की क्रांति के महानायक गोंडा नरेश महाराजा देवी बक्श सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान खेल मंत्रालय की ओर से ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम भी हुआ। विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना तथा जिले के विधायकों के साथ प्रतिमा का अनावरण किया।
गोंडा में 1857 की क्रांति के महानायक महाराजा देवी बक्श सिंह को सम्मान दिया गया। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस मौके पर खेल मंत्रालय की ओर से ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को सुना। इसके बाद जिले के सभी विधायकों के साथ महाराजा देवी बक्श सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया।
झारखंड के रोहन कुमार हुये सम्मानित
कार्यक्रम में खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। झारखंड के रोहन कुमार महतो को विदेश राज्य मंत्री ने मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। रोहन फिलहाल लखनऊ में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स अहमदाबाद में वेटलिफ्टिंग में रजत पदक हासिल किया था।

देश केवल नेता और अधिकारी नहीं चलाते
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि देश को केवल नेता या अधिकारी नहीं चलाते हैं। समाज, जनता और परिवार की भी देश को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि हमें महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए। उनके दिखाए रास्ते पर चलना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदकों की संख्या बढ़ी
खेलों को लेकर विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से देश में खेल प्रतिभाओं को लगातार आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदकों की संख्या भी बढ़ रही है।
भारत किसी के दबाव में नहीं
वहीं होर्मुज में जहाजों पर हुए हमलों से जुड़े सवाल पर कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि ऐसी किसी भी घटना पर भारत अपना पक्ष मजबूती से रखता है। कहा कि घटना को रोकने के लिए बातचीत भी की जाती है। भारत किसी भी देश के दबाव में नहीं है। अपने हितों के अनुसार फैसला करता है।

