Gold में 1 लाख लगाने वालों के रह गए सिर्फ 79 हजार, 9 महीने में 21% टूट गया सोना, अभी और गिरेगा या उछलेगा भाव? एक्सपर्ट से समझिए

Gold में 1 लाख लगाने वालों के रह गए सिर्फ 79 हजार, 9 महीने में 21% टूट गया सोना, अभी और गिरेगा या उछलेगा भाव? एक्सपर्ट से समझिए

Gold Price Outlook: धनतेरस से पहले सोने की कीमतों में आई गिरावट ने खरीदारों को सोना खरीदने का बेहतर मौका दिया है। भारत में त्योहारों के दौरान सोना खरीदने की खास परंपरा है। इस महीने एमसीएक्स पर सोने की कीमतों में 4% से ज्यादा की गिरावट आई है। फिलहाल सोने का भाव करीब 1,43,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा है, जो अक्टूबर के 1,51,700 रुपये के उच्चतम स्तर से करीब 5.7% और जनवरी 2026 के 1,80,779 रुपये के उच्चतम स्तर से लगभग 21% नीचे है।

जिस व्यक्ति ने 29 जनवरी 2026 को दर्ज हुए उच्च स्तर पर सोने में पैसा लगाया उसका निवेश इस समय करीब 21 फीसदी गिर चुका है। यानी सिर्फ 9 महीने में 1 लाख रुपये का निवेश 79,000 रुपये रह गया है।

क्यों आई सोने में गिरावट?

केडिया एडवाइजरी के एमडी अजय केडिया ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया, “कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, मिडिल ईस्ट में तनाव और अमेरिका में मौद्रिक नीति सख्त होने की आशंकाओं का असर सोने की कीमतों पर पड़ रहा है। ब्याज दरें ऊंची रहने से सोने में निवेश करने की अपॉर्च्युनिटी कॉस्ट बढ़ जाती है, जिससे इसकी मांग और कीमतों पर दबाव आ सकता है।”

क्या और टूटेंगे सोने के भाव?

केडिया ने बताया कि तकनीकी नजरिए से 1,40,000 रुपये का स्तर सोने के लिए अहम सपोर्ट माना जा रहा है। इस स्तर के आसपास कीमतों में स्थिरता आने पर निवेशक अलग-अलग चरणों में खरीदारी करने पर विचार कर सकते हैं। केंद्रीय बैंकों की मांग, निवेश के बढ़ते इनफ्लो और विदेशी मुद्रा भंडार में डायवर्सिटी लाने की कोशिशों से भी सोने की कीमतों को सपोर्ट मिल सकता है। केडिया ने कहा कि अगर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आती है और ब्याज दरों का दबाव कम होता है, तो अगली धनतेरस तक सोने का भाव 1,90,000 से 2,00,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंचने की संभावना बन सकती है। हालांकि, निकट भविष्य में कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

चांदी में और भी बड़ी गिरावट

सोने की तुलना में चांदी की गिरावट काफी जबरदस्त रही है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर चांदी अपने जनवरी 2026 के उच्चतम स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम से करीब 54 फीसदी टूट गयी है। यानी जिसने उस समय 1 लाख रुपये लगाए, उस निवेश की कीमत अब करीब 50,000 रुपये रह गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *