गाजियाबाद के साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शिवा स्कूटर एजेंसी के जनरल मैनेजर अनुपम चौहान ने कंपनी के मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अनुपम पिछले करीब 18 साल से एजेंसी में जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। अनुपम चौहान के अनुसार, 1 मार्च को दोपहर करीब 1:30 बजे कंपनी के मालिक अमित कुमार गर्ग अपने बेटे आदित्य गर्ग और पीएसओ के साथ एजेंसी पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही अमित कुमार गर्ग ने बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। अनुपम का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। पहले भी कई बार उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जा चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार मालिक ने उनके साथ मारपीट की और गला दबाने की कोशिश की। यह घटना वहां मौजूद कर्मचारियों के सामने हुई। घटना के बाद अनुपम ने मानसिक रूप से आहत होने की बात कही। उन्होंने बताया कि 3 मार्च को थाना लिंक रोड में लिखित शिकायत दी गई थी। इसके बाद वह अपनी टीम और घटना के समय मौजूद कर्मचारियों के साथ कमिश्नरेट कार्यालय पहुंचे और पुलिस कमिश्नर को भी प्रार्थना पत्र सौंपा। अनुपम चौहान का आरोप है कि मालिक ने उनके करियर को बर्बाद करने की धमकी भी दी। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।


