बुलंदशहर के जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। मोहल्ला जटियान निवासी पति राहुल ने बताया कि उसकी पत्नी संगीता ने गुरुवार दोपहर जहर खा लिया था, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बुलंदशहर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही संगीता ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बेटी की मौत की खबर सुनते ही उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका के भाई प्रभात ने बताया कि ससुराल वाले संगीता के साथ आए दिन मारपीट करते थे और दहेज के लिए उसे परेशान किया जाता था। उन्होंने गला दबाकर हत्या किए जाने की भी आशंका जताई है। मृतका संगीता (30) सुर्खरु निवासी वेदप्रकाश की पुत्री थी। उसकी शादी वर्ष 2021 में जहांगीराबाद निवासी राहुल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। बताया गया कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के अधिकतर लोग घर छोड़कर फरार हो गए, जबकि घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फील्ड यूनिट टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


