इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 21 वर्षीय युवती ने बुधवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। फांसी से उतारकर परिजन उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुसाइड से पहले नम्रता ने अपने बॉयफ्रेंड विशाल को वीडियो कॉल किया था। कॉल रिसीव नहीं होने पर उसने उसे मैसेज किया “अब तुम खुश रहना” और फांसी लगा ली। परदेशीपुरा पुलिस के अनुसार जनता क्वार्टर निवासी नम्रता पिता दिनेश रूबिन ने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। देर रात तक जब नम्रता ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने उसे फोन किया, लेकिन मोबाइल कमरे के अंदर ही बजता रहा। इसके बाद परिजनों ने झांककर देखा तो वह फंदे पर लटकी मिली। तुरंत दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले जाया गया। शेयर कंपनी में काम करती थी युवती परिजनों के अनुसार नम्रता एक शेयर कंपनी में काम करती थी। उसकी बहन ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ ही थी। घटना के समय उसके पिता दूसरी बेटी को लेकर अस्पताल गए हुए थे। परिवार में नम्रता की दो छोटी बहनें भी हैं। पुलिस ने मोबाइल जब्त किया फिलहाल कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल व मैसेज की जांच की जा रही है। मामले में युवक विशाल से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।


