अलीगढ़ में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के मोतिहारी निवासी चंदन यादव (28) के रूप में हुई है। वह अलीगढ़ के गभाना क्षेत्र के चुआवाली गांव में बन रहे एक वेयरहाउस में ठेकेदार के तौर पर काम कर रहा था। यह घटना गुरुवार सुबह (23 अप्रैल 2026) की है। चंदन यादव शौच के लिए रेलवे ट्रैक के पास गए थे, तभी अचानक एक ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ड्राइवर की सूचना पर टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। स्थानीय जानकारी के अनुसार, इस निर्माण कार्य में बिहार से आए कई अन्य मजदूर भी कार्यरत हैं। इस घटना के बाद साथी मजदूरों में दुख का माहौल है।


