प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में शनिवार दोपहर उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक युवती अचानक पानी की टंकी पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, युवती कैंट की रहने वाली बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उसका अपने पति से पहले से विवाद चल रहा है। इस विवाद के दौरान कौशाम्बी में लड़की के ऊपर भी फायरिंग की घटना भी सामने आ चुकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती टंकी पर चढ़कर मोबाइल फोन से लाइव आकर अपनी आपबीती सुना रही थी। वह लगातार अपने साथ हुए विवाद और परेशानियों के बारे में बता रही थी, जिसे देखने के लिए नीचे लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस बल युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटा रहा और हालात को काबू में करने की कोशिश की गई। फिलहाल, मौके पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन युवती को समझाने-बुझाने में लगा हुआ है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।


