इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर खून से भर दी युवती की मांग, समलैंगिक प्यार में फंसाकर महिला ने किया अपरहण

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर खून से भर दी युवती की मांग, समलैंगिक प्यार में फंसाकर महिला ने किया अपरहण

Kanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के साढ़ थाना क्षेत्र से एक किशोरी अचानक गायब हो गई। किशोरी की बड़ी बहन ने पुलिस में रिपोर्ट लिखाई। रिपोर्ट में नव्या नाम की एक महिला पर अपहरण का आरोप लगाया गया। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की जांच में पता चला कि नव्या नाम की यह महिला असल में रूमाना खातून है। उसकी उम्र 21 साल है। वह पश्चिम बंगाल की रहने वाली तलाकशुदा मुस्लिम महिला है। पुलिस के अनुसार, रूमाना ने किशोरी को समलैंगिक प्रेम जाल में फंसा लिया। वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ बंगाल ले गई। बंगाल पहुंचकर रूमाना ने किशोरी के साथ एक अनोखी रस्म की। उसने अपने खून से किशोरी की मांग भरकर निकाह जैसी रस्म पूरी की। पुलिस को आरोपी के मोबाइल में इन रस्मों की तस्वीरें और वीडियो भी मिले हैं।

पुलिस की तेज कार्रवाई

साढ़ थाना प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी मदद से किशोरी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले में ट्रेस की। वहां रूमाना के घर में किशोरी एक गैर-समुदाय की महिला के साथ थी। शुक्रवार को कानपुर पुलिस की एक टीम पश्चिम बंगाल पहुंची। जब पुलिस रूमाना के घर पहुंची तो आरोपी महिला को भनक लग गई। वह किशोरी को लेकर तुरंत गुरुग्राम की तरफ ट्रेन से भाग निकली। पुलिस ने अलर्ट जारी किया और दिल्ली के सेंट्रल स्टेशन पर दोनों को पकड़ लिया।

किशोरी की सुरक्षित वापसी

पुलिस ने रूमाना खातून को गिरफ्तार कर लिया। अब वह जेल में है। किशोरी को उसके परिवार की बहनों के सुपुर्द कर दिया गया है। परिवार अब किशोरी की देखभाल कर रहा है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। पूछताछ में रूमाना से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी महिला ने किशोरी को गुमराह किया और गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक, दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। वहीं आरोपित महिला की शादी के बाद पति से तलाक भी हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *