प्रदेश में जनगणना 2027 का पहला चरण गुरुवार से शुरू हो रहा है। इसमें अगले 45 दिन तक मकानों और उनमें रहने वाले परिवारों की गणना की जाएगी। शुरुआती 15 दिन यानी 16 से 30 अप्रैल तक आमजन खुद ऑनलाइन फॉर्म भरेंगे, जिसमें 33 सवालों के जवाब देने होंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर पहुंचकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। सेल्फ एनुमरेशन पोर्टल https://se.census.gov.in गुरुवार सुबह 6 बजे एक्टिव होगा। यह पोर्टल 16 से 30 अप्रैल तक रोज सुबह 6 से रात 12 बजे तक खुला रहेगा। प्रदेश का कोई भी नागरिक इस पोर्टल पर स्व-गणना में भाग लेकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है। इस प्रक्रिया में 15 से 20 मिनट का समय लगेगा। 1 मई से जनगणनाकर्मी मकानों और परिवारों की गणना के लिए डोर-टू-डोर सर्वे शुरू करेंगे, जो 30 मई तक चलेगा। सही लोकेशन के लिए डिजिटल मैप पर घर मार्क करना होगा, जिसमें लैपटॉप या डेस्कटॉप बेहतर रहेगा, हालांकि मोबाइल से भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। स्व-गणना के लिए एरिया पिनकोड जरूरी होगा। स्व-गणना से जुड़े आपके हर जरूरी सवाल का जवाब Q. स्व-गणना क्या है? इससे क्या लाभ है?
A. यह ऑनलाइन प्रक्रिया है, जिसमें व्यक्ति खुद अपने भवन और परिवार की जानकारी भरता है। लाभ यह कि प्रगणक आने पर सिर्फ SE ID दिखाकर सत्यापन हो जाएगा, लंबी जानकारी नहीं देनी होगी। Q. मैं स्व-गणना कहां और कैसे कर सकता हूं?
A. https://se.census.gov.in पोर्टल पर स्व-गणना कर सकते हैं। इसमें 15-20 मिनट लगते हैं। Q. किन जानकारियों की आवश्यकता होगी?
A. मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर देना होगा। पंजीकरण के बाद नाम और भाषा नहीं बदल सकते। एक नंबर से एक ही परिवार का रजिस्ट्रेशन होगा। Q. घर की लोकेशन कैसे मार्क करनी है?
A. जिला और पिनकोड डालें, फिर क्षेत्र चुनें। मैप खुलेगा, लाल मार्कर को खींचकर अपने घर पर सेट करें। यही लोकेशन प्रगणक के लिए पहचान बनेगी। Q. प्रश्नावली में कितने सवाल पूछे जाएंगे?
A. मकान और परिवार से जुड़े 33 सवाल होंगे- दीवार, छत, फर्श; पानी, बिजली, शौचालय, गैस; टीवी, मोबाइल, वाहन और अनाज से संबंधित। Q. जानकारी भरने के बाद क्या होगा?
A. डेटा भरने के बाद प्रिव्यू फाइल बनेगी। जांच के बाद सबमिट करने पर 11 अंकों की SE ID (H से शुरू) मिलेगी। इसे नोट/स्क्रीनशॉट कर लें, SMS और ईमेल पर भी आएगी। Q. क्या फाइनल सबमिट के बाद जानकारी सुधार सकते हैं?
A. खुद सुधार नहीं कर सकते। जरूरत होने पर प्रगणक के आने पर सुधार करवा सकते हैं। Q. प्रगणक के घर आने पर क्या करना होगा?
A. SE ID दिखाएं। मिलान होने पर डेटा स्वीकार होगा, नहीं मिलने पर प्रगणक दोबारा जानकारी लेगा। 5 स्टेप में समझें कैसे लें स्व गणना में भाग 1. रजिस्ट्रेशन: पोर्टल पर मप्र चुनें, परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
2. वेरिफिकेशन: अपनी भाषा चुनें, मोबाइल पर आए ओटीपी से खुद को वेरिफाई करें।
3. लोकेशन सेट करें: जिला और एरिया का पिनकोड डालें। पिनकोड डालते ही मैप खुलेगा। लाल मार्कर खींचकर अपने घर पर सेट करें।
4. सवाल भरें: लोकेशन तय होने के बाद 33 सवालों की प्रश्नावली खुलेगी, सभी जवाब भरें।
5. फाइनल सबमिट: डेटा जांचकर सबमिट करें, 11 अंकों की SE ID मिलेगी- इसे सेव या स्क्रीनशॉट रखें।


