संभल में सपा-भाजपा समर्थकों में मारपीट:जमीन विवाद में दोनों पक्षों ने शिकायत की, भाजपा नेता के चचेरे भाई की दुकान में ताले डाले

संभल में सपा-भाजपा समर्थकों में मारपीट:जमीन विवाद में दोनों पक्षों ने शिकायत की, भाजपा नेता के चचेरे भाई की दुकान में ताले डाले

संभल में भाजपा नेता के चचेरे भाई और सपा समर्थित ग्राम प्रधानपति के बीच पुराने जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हुई है। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे सौंधन मोहम्मदपुर गांव में हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर आठ-आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है। विवाद भाजपा पश्चिम के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल के चचेरे भाई सुभाष सिंघल और सपा समर्थित ग्राम प्रधानपति अरविंद यादव के बीच हुआ। प्रधान पक्ष के बादाम सिंह सैनी ने आरोप लगाया है कि सुभाष सिंघल ने उन्हें पीटा। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता के भाइयों की एक बैठक चल रही थी, तभी बादाम सिंह सैनी वहां खड़े होकर देखने लगे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। मारपीट के बाद प्रधान पक्ष ने सुभाष सिंघल की दुकान में ताले लगा दिए। हालांकि, भाजपा नेता राजेश सिंघल, जो घटना के समय मौजूद नहीं थे, बाद में गांव पहुंचे और उन्होंने प्रधानपति से दुकान के ताले खुलवाए। उन्होंने समझौता कराने का प्रयास भी किया,लेकिन शाम 7 बजे तक कोई सहमति नहीं बन पाई। समझौते में विफलता के बाद, प्रधानपति पक्ष और सुभाष सिंघल की ओर से थाना पुलिस को अपनी-अपनी शिकायतें दी गईं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने डायल 112 पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर थाना पुलिस को सौंप दिया है। भाजपा नेता राजेश सिंघल ने बताया कि पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है और पहले भी उनके भाई के साथ बदतमीजी की गई थी। वहीं, प्रधानपति अरविंद यादव ने आरोप लगाया कि उनके बटाईदार बादाम सिंह सैनी को राजेश सिंघल पक्ष के लोगों ने घेरकर बुरी तरह पीटा है। इस घटना की चर्चा आसपास के कई गांवों में बनी हुई है। थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। राजेश सिंघल अपने पक्ष के साथ पुलिस चौकी सौंधन पर आए थे, वहीं ग्राम प्रधानपति पक्ष को भी बुलाया गया था। इस प्रकरण में जांच करते हुए अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन के विवाद को लेकर झगड़ा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *