बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा को झकझोर कर रख दिया है। एक नवविवाहिता ने अपने ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने पति और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद से ही बिगड़े हालात, पति की शराब ने बढ़ाई मुश्किलें
पीड़िता के अनुसार, उसका विवाह करीब एक वर्ष पहले सोहिल नामक युवक से हुआ था। शादी के बाद से ही पति की शराब की लत ने उसकी जिंदगी को मुश्किलों में डाल दिया। आए दिन नशे में धुत होकर वह घर में झगड़ा करता था, जिससे घरेलू माहौल तनावपूर्ण बना रहता था। महिला ने आरोप लगाया कि 21 अप्रैल की शाम करीब चार बजे वह अपने कमरे में थी, तभी उसका ससुर अचानक अंदर घुस आया और उसे जबरन पकड़ लिया। इसके बाद उसने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और किसी तरह खुद को छुड़ाकर बाहर निकल आई।
सास ने चुप रहने का बनाया दबाव, पति ने दी धमकी
पीड़िता का कहना है कि उसने घटना की जानकारी अपनी सास को दी, लेकिन सास ने परिवार की बदनामी का हवाला देते हुए उसे चुप रहने को कहा। जब शाम को पति घर लौटा और उसे पूरी बात बताई गई, तो उसने भी उसे चुप रहने की धमकी दी और मामले को दबाने की कोशिश की। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने विरोध किया तो पति ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। अब पीड़िता ने थाना फतेहगंज (पश्चिमी) में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।


