हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चूली कलां-दड़ोली रोड पर एक रोडवेज बस और कार की टक्कर में फतेहाबाद के कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही आदमपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान फतेहाबाद जिले के भट्टू क्षेत्र स्थित गांव गदली निवासी 40 वर्षीय दीनदयाल के रूप में हुई है। दीनदयाल खेती-बाड़ी का काम करता था। जानकारी के अनुसार, वह किसी निजी कार्य से अपने गांव से मंडी आदमपुर जा रहा था। चूली कलां के पास उसकी कार की सामने से आ रही रोडवेज बस से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर कार में फंस गया प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर फंस गया। दीनदयाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, बस में सवार एक-दो यात्रियों को मामूली चोटें आईं। बताया जा रहा है कि रोडवेज बस आदमपुर से फतेहाबाद की ओर जा रही थी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पत्नी की पांच साल पहले मौत हो चुकी दीनदयाल की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था। परिवार में उनकी वृद्ध माता, एक बेटा और एक बेटी हैं। वह अपने दोनों बच्चों और मां के साथ गांव में रहते थे। आदमपुर पुलिस मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।


