Enlarged Liver: पेट दर्द और लगातार थकान को न करें नजरअंदाज, बढ़े हुए लिवर का हो सकता है संकेत

Enlarged Liver: पेट दर्द और लगातार थकान को न करें नजरअंदाज, बढ़े हुए लिवर का हो सकता है संकेत

Enlarged Liver Symptoms: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी, बिगड़ी हुई जीवनशैली और गलत खान-पान का सबसे पहला असर हमारी सेहत और पाचन पर पड़ता है। कई बार हम पेट के ऊपरी हिस्से में हल्का दर्द, भारीपन या बिना कुछ भारी काम किए भी दिनभर सुस्ती और थकान महसूस करते हैं। ज्यादातर लोग इसे गैस, एसिडिटी या काम का तनाव मानकर नजरअंदाज कर देते हैं या फिर खुद ही कोई सिरप या दवा खा लेते हैं। क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के मुताबिक, यह समस्या आपके बढ़े हुए लिवर (Enlarged Liver या Hepatomegaly) की वजह से भी हो सकती है। लिवर का आकार बढ़ना किसी अंतर्निहित बीमारी का लक्षण है। आइए जानते हैं कि लिवर का बढ़ना क्या होता है, यह क्यों होता है और शरीर में इसके क्या-क्या लक्षण दिखाई देते हैं।

बढ़े हुए लिवर (Enlarged Liver) का क्या मतलब है?

मेयो क्लिनिक के अनुसार, लिवर हमारे शरीर का एक बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो पेट के दाहिनी तरफ पसलियों के ठीक नीचे होता है। सामान्य स्थिति में लिवर का आकार एक निश्चित सीमा में होता है। लेकिन जब किसी बीमारी, सूजन या चर्बी जमा होने के कारण इसका आकार अपने सामान्य साइज से बड़ा हो जाता है, तो डॉक्टरी भाषा में इसे हेपेटोमेगाली (Hepatomegaly) और आम भाषा में लिवर सूजना या लिवर का बढ़ना कहते हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि लिवर का बढ़ना अपने आप में कोई अकेली बीमारी नहीं है, बल्कि यह शरीर के अंदर पल रही किसी दूसरी अंदरूनी समस्या का संकेत या लक्षण होता है।

शरीर में दिखने वाले मुख्य लक्षण

शुरुआती दिनों में जब लिवर थोड़ा ही बड़ा होता है, तो हो सकता है कि आपको कोई खास लक्षण महसूस न हो। लेकिन जैसे-जैसे इस पर दबाव बढ़ता है, शरीर ये संकेत देने लगता है;

  • पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द या भारीपन।
  • लगातार थकान और कमजोरी
  • जी मिचलाना और भूख न लगना।
  • त्वचा और आंखों का पीला पड़ना (पीलिया/Jaundice)।
  • पेट और पैरों में सूजन।
  • त्वचा में खुजली और डार्क पेशाब।

लिवर बढ़ने के मुख्य कारण क्या हैं?

लिवर का आकार बढ़ने के पीछे कई अलग-अलग वजहें हो सकती हैं;

  • फैटी लिवर (Fatty Liver Disease)।
  • हेपेटाइटिस (Hepatitis) A, B, C।
  • शराब का अत्यधिक सेवन।
  • गलत खान-पान और मोटापा।
  • दिल या नसों से जुड़ी समस्याएं।
  • कुछ दवाइयों का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल।

लिवर को स्वस्थ रखने के आसान उपाय

  • हरी सब्जियां, फल और फाइबर युक्त खाना खाएं। ज्यादा तली-भुनी चीजें और पैकेट बंद खाने से परहेज करें।
  • हर दिन कम से कम 30 मिनट टहलें या योग/एक्सरसाइज करें।
  • शराब और सिगरेट से पूरी तरह दूरी बनाएं।
  • बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी भारी पेनकिलर या दवा बार-बार न लें।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *