RR vs LSG, SMS Stadium Jaipur: राजस्थान रॉयल्स आज आईपीएल 2026 में अपना 13वां मुकाबले खेलेगी, जो जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। रियान पराग एंड कंपनी की टक्कर प्लेऑफ्स से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स से होगी।
IPL 2026 RR vs LSG: आईपीएल 2026 के 64वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) से होगा। राजस्थान रॉयल्स के लिए यह डू ऑर डाई मैच है, तो लखनऊ की टीम पहले ही प्लेऑफ्स (IPL 2026 Playoffs) की रेस से बाहर हो चुकी है। इस मैच में जीत के साथ वह सिर्फ अंक तालिका (IPL 2026 Points Table) में ऊपर आ सकती है। रियान पराग एंड कंपनी अंक तालिका में 5वें स्थान पर है तो ऋषभ पंत की अगुवाई वाली टीम आखिरी स्थान पर है। इस मुकाबले में अगर राजस्थान रॉयल्स हार जाती है तो उनके प्लेऑफ्स की राह मुश्किल हो जाएगी। मैच से पहले टीम इंडिया के पूर्व ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने राजस्थान रॉयल्स को सलाह दी है कि उन्हें क्या नहीं करना चाहिए।
संदीप को बाहर रखने की सलाह
राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स के मैच से पहले जब आर अश्विन ने पूछा गया कि टीम को क्या नहीं करना चाहिए। तब उन्होंने कहा, सबसे पहले टॉस जीतने पर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा कि जोफ्रा आर्चर को पावरप्ले से दूर रखना चाहिए। तीसरी और सबसे बड़ी सलाह ये थी कि राजस्थान रॉयल्स को इस मुकाबले में भी संदीप शर्मा के बिना उतरना चाहिए।
अब तक कैसा रहा है RR का प्रदर्शन
राजस्थान रॉयल्स इस समय 12 में से 6 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। टीम का नेट रन रेट भी पॉजिटिव में है और उसके पास अभी दो मुकाबले बाकी हैं। अगर राजस्थान अपने दोनों मैच जीत जाती है, तो उसे प्लेऑफ में पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता। ऐसे में उसे दूसरी टीमों के प्रदर्शन या मैचों के नतीजों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी। इस सीजन राजस्थान रॉयल्स ने शुरुआती चार मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन पांचवें और छठे मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद सातवें मैच में उन्होंने एलएसजी को 40 रन से हराया, लेकिन अगले मुकाबले में सनराइजर्स के खिलाफ हार गई।
इसके बाद राजस्थान ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया, लेकिन अगले तीन मुकाबलों में लगातार हार झेलनी पड़ी। इस दौरान दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें दो बार हराया, जबकि गुजरात टाइटंस ने 77 रन से मात दी। इन हारों की वजह से टीम का नेट रन रेट भी काफी प्रभावित हुआ। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स को अपने बचे हुए दोनों मुकाबलों में हर हाल में जीत हासिल करनी होगी। आज के मुकाबले के बाद टीम 24 मई को 69वें मैच में मुंबई इंडियंस का सामना करेगी। यह मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।
प्लेऑफ्स की तीन टीमें पक्की
अगर प्लेऑफ की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 13 में से 9 मुकाबले जीतकर अंतिम चार का टिकट पक्का कर चुकी है। वहीं गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद भी 8-8 मुकाबले जीतकर अगले दौर में पहुंच चुकी हैं। अब बचे हुए एक स्थान के लिए पांच टीमें रेस में हैं, लेकिन राजस्थान रॉयल्स का दावा सबसे ज्यादा मजबूत माना जा रहा है। अगर टीम अपने दोनों मुकाबले जीत लेती है, तो उसे किसी भी दूसरी टीम के नतीजों पर निर्भर नहीं रहना होगा।
Sports – Patrika | CMS


