जेल और वृद्धाश्रम का DLSA सचिव ने लिया जायजा:राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की

जेल और वृद्धाश्रम का DLSA सचिव ने लिया जायजा:राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की

धौलपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की सचिव रेखा यादव ने शुक्रवार को वृद्धाश्रम और जिला कारागृह का निरीक्षण किया। साथ ही शनिवार को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की।
सचिव रेखा यादव ने वाटर वॉक्स चौराहे स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रह रहे 9 पुरुष और 1 महिला वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत की और भोजन, स्वास्थ्य, पेंशन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने रसोईघर और कमरों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। महिला वृद्धजन की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए वृद्धाश्रम इंचार्ज को महिला केयरटेकर नियुक्त करने का भी निर्देश दिया गया। रजिस्टरों की जांच में पाई गई विसंगतियों को सुधारने और परिसर में लगे राजनीतिक पोस्टरों को हटाने के निर्देश भी दिए गए। इसके बाद सचिव ने जिला कारागृह धौलपुर का साप्ताहिक निरीक्षण किया। उन्होंने मुलाकात कक्ष में संचालित लीगल एड हेल्प डेस्क का जायजा लिया और बंदियों को मुफ्त विधिक सहायता, अधिवक्ता उपलब्ध कराने, जमानत तथा अपील संबंधी जानकारी देने की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। लोक अदालत की तैयारियां जांची
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 9 मई को पूरे प्रदेश में द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। धौलपुर जिले में इस आयोजन के लिए कुल 10 बैंचों का गठन किया गया है।
इन बैंचों में सिविल, सेशन, मजिस्ट्रेट न्यायालयों के लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों के साथ-साथ बैंक ऋण, एनआई एक्ट और प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण आपसी समझौते से किया जाएगा। सचिव ने आमजन से इस लोक अदालत में भाग लेने की अपील की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *