बरेली। जन शिकायतों के निस्तारण में बरेली पुलिस ने एक बार फिर पूरे प्रदेश में अपना परचम लहरा दिया है। आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पोर्टल पर शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दम पर बरेली पुलिस लगातार पांचवीं बार उत्तर प्रदेश में पहले स्थान पर रही है। शासन स्तर पर जारी अप्रैल 2026 की रैंकिंग में बरेली पुलिस का प्रदर्शन प्रदेश में सबसे बेहतर माना गया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की हर महीने शासन स्तर से समीक्षा की जाती है। शिकायतों के समाधान, समयसीमा के पालन, शिकायतकर्ता से संवाद और कार्रवाई की गुणवत्ता के आधार पर रैंकिंग तय होती है। अप्रैल माह में बरेली पुलिस ने हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ तय समय से पहले निस्तारण किया, बल्कि शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट भी किया। यही वजह रही कि जिले को लगातार पांचवीं बार पहला स्थान मिला।
28 थानों ने हासिल किए फुल मार्क्स
बरेली जिले के 28 थानों ने आईजीआरएस रैंकिंग में 100 में 100 अंक हासिल किए। इनमें कोतवाली, प्रेमनगर, किला, कैंट, सीबीगंज, सुभाषनगर, बारादरी, इज्जतनगर, महिला थाना, मीरगंज, सिरौली, शाही, आंवला, विशारतगंज, भमौरा, अलीगंज, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, भुता, फतेहगंज पश्चिमी, भोजीपुरा, बहेड़ी, शीशगढ़, देवरनियां, शेरगढ़, नवाबगंज, हाफिजगंज और क्योलड़िया थाना शामिल हैं। सभी थानों को प्रथम रैंक मिली। शासन द्वारा अप्रैल माह में बरेली पुलिस से संबंधित कुल 1154 आईजीआरएस संदर्भों पर फीडबैक लिया गया। इनमें से 1111 शिकायतकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया। इस तरह संतुष्ट फीडबैक का प्रतिशत 96.27 रहा। वहीं 1134 आवेदकों ने बताया कि संबंधित पुलिस अधिकारियों ने उनसे सीधे संपर्क किया। आवेदकों से संपर्क करने का प्रतिशत 98.27 दर्ज किया गया।
अप्रैल में एक भी शिकायत डिफॉल्टर नहीं
बरेली पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि अप्रैल माह में एक भी आईजीआरएस संदर्भ डिफॉल्टर नहीं हुआ। सभी शिकायतों का तय समय से पहले निस्तारण कर दिया गया। पुलिस ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की। एसएसपी अनुराग आर्य ने जिले के सभी पुलिस कर्मियों को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह जनसेवा की भावना के साथ शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा।


