आम आदमी पार्टी (AAP) ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया और सदन में उनको पार्टी की तरफ से बोलने का समय न देने की लिखित सूचना भी दी है। इसके बावजूद राज्यसभा के सभापति ने उन्हें बोलने का मौका दिया। शुक्रवार को सदन में बोलते हुए चड्ढा ने अपने पार्टी पर तंज भी कसा। उस समय आप के सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल व संदीप पाठक भी राज्यसभा में मौजूद थे। राघव चड्ढा को सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने हरिवंश सिंह को तीसरी बार उपसभापति बनने पर बधाई देने का समय दिया। राघव चड्ढा ने 1 मिनट 50 सेकेंड के अपने भाषण में हरिवंश सिंह को बधाई देने के साथ आम आदमी पार्टी पर तंज कसा। राघव चड्ढा ने एक बार भी अपने भाषण में आम आदमी पार्टी का नाम नहीं लिया। जब वो आप पर तंज कस रहे थे तो संदीप पाठक उनके बगल पर बैठे थे जबकि सीचेवाल पिछली सीट पर बैठे थे। राघव चड्ढा ने कहा, “जिस पार्टी से मैं संबंधित हूं, उसके नेता सदन में मौजूद नहीं हैं। जिस पार्टी से मैं संबंधित हूं, उसके नवनियुक्त उपनेता भी सदन में मौजूद नहीं हैं। मैं हाल ही में हटाया गया उपनेता हूं और मैं सदन में मौजूद हूं। मुझे बोलने का अवसर देने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।” दरअसल जब उपसभापति को तीसरी बार चुने जाने पर बधाई दी जा रही थी उस समय आम आदमी पार्टी के नेता सदन संजय सिंह और उपनेता सदन अशोक मित्तल सदन में मौजूद नहीं थे। राघव चड्ढा ने उनके अनुपस्थित रहने पर ही उक्त लाइनें कही। पार्टी के मना करने पर भी मिला समय राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर के पद से हटाया था तब पार्टी ने सभापति को एक लेटर लिखकर दिया था कि इन्हें बोलने का समय न दिया जाए। पार्टी के स्पष्ट मना करने के बावजूद सभापति ने उन्हें बोलेने का मौका दिया। इससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा छिड़ गई है कि राघव चड्ढा सरकार के करीब हैं। केंद्रीय मंत्री ने किया खुलासा, राघव चड्ढा खोल रहे भेद केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी की रेड के मामले में बयान देते हुए कहा कि राघव चड्ढा के पास इन सभी के भेद हैं और वही उनके भेद खोल रहे हैं। बिट्टू ने यहां तक कहा कि उन्हें लगता है कि देश की एजैंसियों को भी इनके कारनामे राघव चड्ढा ही बदला लेने के लिए दे रहे हैं। बिट्टू ने कहा कि राघव चड्ढा को पद से हटाने के बाद आप के संयोजक केजरीवाल से लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान व सभी छोटे बड़े नेताओं ने उन पर तंज कसे थे। 2 अप्रैल को पद से हटाए गए राघव चड्ढा 2 अप्रैल को AAP ने अचानक राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटाने और उनकी जगह पंजाब के सांसद अशोक मित्तल (लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर) को नया उपनेता नियुक्त करने की सूचना दी। साथ ही पार्टी ने अनुरोध किया कि चड्ढा को AAP कोटे से बोलने का समय न दिया जाए। राघव चड्ढा ने कहा था, खामोश किया गया हूं, हारा नहीं पार्टी के इस फैसले के कुछ घंटों बाद चड्ढा ने सोशल मीडिया पर खामोश किया गया हूं, हारा नहीं हूं लिखकर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें बोलने का मौका मिला, उन्होंने जनता के मुद्दे उठाए। उन्होंने पूछा- क्या आम लोगों के लिए बोलना अपराध है? बाद में उन्होंने पंजाब के मुद्दों पर अपनी स्पीच का संकलन भी शेयर कर पार्टी के आरोपों का जवाब दिया।


