दिल्ली के प्रहलादपुर में पिछले महीने हुई एक महिला की हत्या के मामले में उसके 22 वर्षीय पति और कथित प्रेमिका को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि जांच के दौरान पता चला कि महिला की हत्या पति और प्रेमिका के बीच संबंधों के कारण की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद लाल बाबू उर्फ जाहिद अली और रुखसार खातून को दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, पटना, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर और मुंबई में 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल समेत व्यापक जांच के बाद गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, लाल बाबू ने कथित रूप से रुखसार के साथ मिलकर साजिश रची और प्रहलादपुर स्थित एक घर के बाथरूम में पत्नी सबीला खातून की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद 29 अगस्त को शाहबाद डेयरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसने कहा कि लाल बाबू और सबीला प्रहलादपुर में रह रहे थे।
आरोप है कि लाल बाबू का रुखसार के साथ संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद लाल बाबू अपने नाबालिग बेटे के साथ दिल्ली से नोएडा की ओर भाग गया, जहां उसने अपने ममेरे भाई मोहम्मद ओसामा से संपर्क किया। पुलिस ने बताया कि ओसामा ने कथित रूप से लाल बाबू के ठहरने की व्यवस्था की और अन्य मदद दी तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए बिहार जाने में उसकी सहायता की।
जांच के दौरान उसे पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। हत्या के बाद पुलिस ने कई जगहों पर तलाशी ली और आरोपियों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच तथा मौके पर जाकर सत्यापन किया। पुलिस ने बताया कि जांचकर्ताओं ने अपराध के बाद लाल बाबू द्वारा कथित रूप से इस्तेमाल किए गए रास्तों और स्थानों का पता लगाया और आखिरकार उसे तथा रुखसार को खोज निकाला।
अधिकारियों के अनुसार, जांच में सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल, तकनीकी जानकारी और कई राज्यों में जुटाई गई स्थानीय सूचनाओं का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने बताया कि बिहार के सीतामढ़ी का निवासी लाल बाबू मुख्य आरोपी है और वह मृतका का पति है। रुखसार को साजिश और अपराध में कथित भूमिका के चलते गिरफ्तार किया गया है।

