महिला मरीज की मौत, अस्पताल के बाहर शव रखकर हंगामा:फिरोजाबाद में स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल किया सील

महिला मरीज की मौत, अस्पताल के बाहर शव रखकर हंगामा:फिरोजाबाद में स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल किया सील

फिरोजाबाद में एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने बुधवार शाम अंजली अस्पताल के बाहर शव रखकर हंगामा किया। यह अस्पताल थाना उत्तर क्षेत्र के बंबा चौराहा, कोटला रोड पर स्थित है। परिजनों के आक्रोश को देखते हुए अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर थाना उत्तर और रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। बघेल कॉलोनी निवासी प्रदीप ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी पूजा को पेट दर्द होने पर वे 9 जनवरी को अंजली अस्पताल ले गए थे। अस्पताल में डॉ. जितेंद्र बघेल ने जांच के बाद पथरी का ऑपरेशन किया। 15 जनवरी को पूजा को घर भेज दिया गया, लेकिन उसी रात उन्हें फिर से तेज पेट दर्द हुआ। इसके बाद परिजन उन्हें दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। प्रदीप के मुताबिक, 25 फरवरी तक पूजा का इलाज अंजली अस्पताल में जारी रहा, जिस पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च हुए। इसके बावजूद पूजा की हालत में सुधार नहीं हुआ और उन्हें खून की उल्टियां होने लगीं। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद डॉ. जितेंद्र उन्हें अपनी कार से आगरा के एक निजी अस्पताल ले गए और पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में कोई आर्थिक मदद नहीं की गई। परिजनों ने बताया कि 10 मार्च को पूजा को सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल संचालक डॉ. जितेंद्र अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और प्रदीप के साथ मारपीट की। पूजा की हालत में सुधार न होने पर उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया, जहां मंगलवार रात उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पूजा की मौत की सूचना मिलते ही परिजन बुधवार शाम करीब सात बजे शव लेकर अंजली अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना मिलने पर डिप्टी सीएमओ केके वर्मा, एसीएमओ डॉ. पवन कुमार और चिकित्साधिकारी बिजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग ने प्राथमिक जांच के बाद अंजली अस्पताल को सील कर दिया। थाना उत्तर प्रभारी अंजीश कुमार ने बताया कि परिजनों को समझाकर शांत कराया गया है। मामले में तहरीर ली गई है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *