बुजुर्ग का शव मक्के के खेत में मिला:संभल में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी

बुजुर्ग का शव मक्के के खेत में मिला:संभल में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी

संभल के मोतीनगर गांव में एक 60 वर्षीय ग्रामीण का शव उसके ही मक्का के खेत में पड़ा मिला। शनिवार शाम को हुई इस घटना के बाद परिजनों ने गांव के ही एक अन्य मजदूर पर शराब पिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना संभल तहसील के हयातनगर थाना क्षेत्र के मोतीनगर गांव की है। शनिवार शाम करीब 6 बजे घास काटने गई एक महिला ने मक्का के खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को खेत से बाहर निकाला और उसकी शिनाख्त 60 वर्षीय जगत सिंह पुत्र श्यामलाल निवासी मोतीनगर के रूप में की।
मृतक की पत्नी मुन्नी ने बताया कि उनके पति सुबह रोटी लेकर चाय पीने के बाद मजदूरी करने गए थे। वह रोजाना दोपहर 1 से 2 बजे के बीच घर लौट आते थे, लेकिन उस दिन नहीं आए। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों ने पुलिस को शिकायत देते हुए गांव के मजदूर राहुल पुत्र ओमवीर पर शराब पिलाकर जगत सिंह की हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया गया है कि मृतक और आरोपी मजदूर अक्सर साथ काम करते थे और शराब भी साथ पीते थे। जगत सिंह अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियों और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनका 21 वर्षीय बेटा नितिन गुजरात में मजदूरी करता है, जबकि दो बेटियों सुमन और पूनम की शादी हो चुकी है। घर पर 20 वर्षीय बेटी सुनीति और 17 वर्षीय बेटा प्रिंस रहते हैं। इस घटना से परिवार में गहरा सदमा है। गौरतलब है कि मृतक की पत्नी मुन्नी का वर्ष 2023 में हुए एक सड़क हादसे में सीधा हाथ कट गया था। थाना प्रभारी संजीव बालियान ने बताया कि मृतक ग्रामीण का शव उसी के मक्का के खेत में मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार के लोगों ने बताया कि सुबह घर से निकला था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *