Dausa Municipal Council : दौसा नगर परिषद के वार्ड 26 में कांग्रेस प्रत्याशी यास्मीन बेगम निर्विरोध हो गई है। यानि की अब उनका किसी से भी मुकाबला नहीं है। भाजपा की एक चूक के बाद यह सीट कांग्रेस के खाते में चली गई है। यानि चुनाव से पहले ही कांग्रेस का खाता खुल गया है। पर जीत की घोषणा चुनाव परिणाम आने के बाद आयोग करेगा। दौसा नगर परिषद के वार्ड 26 से भाजपा ने जिसे टिकट दिया था, उसने नामांकन ही जमा नहीं करवाया, वहीं निर्दलीय मोहम्मद आरिफ, इनायत व जरीफा बेगम ने नाम वापस ले लिया। ऐसे में अब कांग्रेस की यास्मीन का ही नामांकन शेष रह जाने से वह निर्विरोध हो गईं हैं। इस जानकारी के बाद यास्मीन बेगम व उनके समर्थक ने खुशियां मनाई और मिठाइयां बांटी।
दौसा नगर परिषद – 55 वाडों में अब 246 प्रत्याशी मैदान में
दौसा में नगर परिषद के 55 वाडों में अब 246 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। इनमें गुरुवार को 61 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए। इसके चलते कई वार्ड में रोचक मुकाबले होंगे। चुनाव प्रचार को लेकर प्रत्याशियों ने जनसम्पर्क तेज कर दिया है। वे सुबह से देर रात तक मतदाताओं से लुभावने वादे कर उन्हें अपने पक्ष करने में जुटे हैं।
14 सितम्बर को होगी मतगणना
दौसा शहर के कई जगहों पर प्रत्याशियों ने कार्यालय भी खोल लिए हैं। जहां समर्थकों की भीड़ नजर आती है। हर जगह चुनावी चर्चा का शोर सुनाई देने लगा है। चुनाव को लेकर पुलिस-प्रशासन भी सतर्क हो गया है। कई जगह वाहनों की जांच के बाद ही शहरों में प्रवेश दिया जा रहा है। गौरतलब है कि जिले में दो चरणों में होने वाले चुनावों के लिए 9 व 11 सितम्बर को मतदान होगा। इसके बाद 14 सितम्बर को मतगणना की जाएगी।
शुक्रवार को होगा चुनाव चिन्हों का आवंटन
निकाय चुनाव में नामांकन वापस लेने के बाद शुक्रवार को शेष रहे प्रत्याशियों को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी पूरी कर ली है। माना जा रहा है चुनाव चिह्न आवंटन के बाद निर्दलीयों का जनसम्पर्क जोर पकड़ेगा।

