अमेठी में शुक्रवार को नव आरक्षी प्रशिक्षण केंद्र सीआरपीएफ ने कंपोजिट विद्यालय छीड़ा में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता, वृक्षारोपण और सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक डॉ. निशीत कुमार और कमांडेंट विनय कुमार त्रिपाठी ने विधायक का स्वागत करते हुए सीआरपीएफ जवानों की देश सेवा सराही। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को स्वच्छता और पौधों की देखभाल को अपनी जिम्मेदारी बताया। उप महानिरीक्षक डॉ. निशीत कुमार ने लोगों से स्वच्छता को दैनिक आदत बनाने की अपील की। इस दौरान गांव के सफाईकर्मी महेंद्र कुमार यादव और रामसेवक को उनके सराहनीय काम के लिए प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस पर हुई ‘अपने सीआरपीएफ को जानें’ प्रतियोगिता के विजेता, कक्षा 10 के छात्र आयुष कुमार मिश्रा को 5000 रुपये का चेक देकर प्रोत्साहित किया गया। इस कार्यक्रम में सीआरपीएफ अधिकारी, ग्राम प्रधान, खंड शिक्षा अधिकारी समेत कई विद्यार्थी मौजूद रहे।

