ट्रंप पर गोलीकांड पर कांग्रेस विधायक का विवादित बयान, बोले- भारत में भी ऐसा ही मूड बन रहा है!

ट्रंप पर गोलीकांड पर कांग्रेस विधायक का विवादित बयान, बोले- भारत में भी ऐसा ही मूड बन रहा है!

Donald Trump attack: अमेरिका में व्हाइट हाउस के एक बड़े डिनर कार्यक्रम के दौरान गोलाबारी की घटना ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा हुआ है। इतने बड़े और खास कार्यक्रम में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस घटना के बाद से गोलाबारी की चर्चाएं पूरे देश में हैं और इसी बीच कांग्रेस के विधायक विजय वडेट्टीवार ने इस घटना को लेकर विवादित बयान दे दिया है। उन्होंने अपने बयान में ट्रंप पर हमला होना लाजमी बताया और साथ ही यह भी कहा कि भारत में भी लोगों का ऐसा ही मूड है।

विजय वडेट्टीवार का बयान

कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने कहा, ‘ट्रंप दुनिया में दबदबा बनाना चाहते थे और दूसरे देशों को अस्थिर करना चाहते थे, इसलिए ऐसा होना तय था। जैसी करनी वैसी भरनी।’ हालांकि उन्होंने घटना की निंदा भी की और कहा कि इतने ऊंचे पद पर बैठे व्यक्ति के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए था। आगे उन्होंने कहा कि अकसर इस तरह की घटनाएं दिखाती हैं कि नेतृत्व कैसा है। आगे उन्होंने ट्रंप पर हमले को लाजमी बताने के पीछे का कारण बताते हुए कहा कि जैसा लोगों ने सोचा होगा, उनकी उम्मीदों के अनुसार नहीं हुआ होगा।

भारत में भी ऐसी भावना

वडेट्टीवार ने आगे कहा कि भारत में भी लोगों की सोच कुछ अलग नहीं है, लेकिन लोग खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में असंतोष है। हालांकि उन्होंने किसी विशेष व्यक्ति या समूह का नाम नहीं लिया। इस बयान के बाद से राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

व्हाइट हाउस डिनर के दौरान हुई थी घटना

यह घटना शनिवार रात करीब 8:34 बजे हुई थी, जब व्हाइट हाउस वार्षिक डिनर कार्यक्रम चल रहा था। उस समय अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वहां पर एसोसिएशन की अध्यक्ष वेइजिया जियांग और ‘मेंटलिस्ट’ ओज पर्लमैन के साथ बात कर रहे थे। अचानक सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों ने राष्ट्रपति, मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस को सुरक्षा घेरा बनाकर रूम से बाहर ले गए।

हमलावर की गिरफ्तारी

घटना के कुछ घंटों बाद खुद ट्रंप ने प्रेस को जानकारी दी कि संदिग्ध को पकड़ लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी की पहचान कैलिफोर्निया निवासी 31 साल के कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है। वह ट्रेन से वाशिंगटन पहुंचा था और कार्यक्रम से कुछ दिन पहले ही होटल में ठहरा हुआ था। जांच में सामने आया कि वह हथियारों के साथ कार्यक्रम में घुसने की कोशिश कर रहा था और अधिकारियों को निशाना बनाना चाहता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *