Kidnapping And Gang-Rape From Minor: अलवर जिले के एक ग्रामीण थाना क्षेत्र में 11वीं क्लास की छात्रा को किडनैप कर उसके साथ गैंगरेप के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है।
दोनों आरोपियों को सोमवार को पोक्सो कोर्ट में पेश किया जा सकता है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रियंका रघुवंशी ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार किया गया दूसरा आरोपी सचिन सैनी (19) पुत्र निहालचंद दौसा जिले के सिमला गांव का है। वह मुख्य आरोपी राहुल सैनी का चचेरा भाई है।
रघुवंशी ने बताया कि अब तक की पड़ताल में यह साफ हो चुका है कि पीड़िता और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। राहुल टैक्सी चलाने का काम करता है और पीड़िता के गांव में उसका अक्सर आना जाना रहता था। दूसरे आरोपी सचिन बलात्कार की घटना वाली जगह पर राहुल के साथ गया था। उसने भी बलात्कार किया है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि सरकारी स्कूल में 11वीं की छात्रा को जबरन कुछ लोग अपनी बोलेरो में उठा ले गए थे। उसके साथ एक कमरे में बलात्कार किया गया। जब पीड़िता को आरोपी उसके गांव छोड़ने आए तो भीड़ देखकर वे भाग गए। आक्रोशित भीड़ ने उनकी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया था। मामले में एसपी ने एसआइटी का गठन किया है।
FIR में तीन, जबकि बयान में दो की जानकारी दी
रघुवंशी ने बताया कि पीड़िता के बयान लिए गए थे, उसमें दो लोगों का जिक्र था। जबकि एफआइआर में तीन लोग बताए गए हैं।
अब तक की जांच में दो लोगों की संलिप्तता सामने आई है। फिर भी हम तकनीकी आधार पर देख रहे हैं कि तीसरा कोई व्यक्ति इसमें लिप्त था या नहीं। अपहरण को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।
आपत्तिजनक वीडियो नाबालिग के हैं
रघुवंशी ने बताया कि मुख्य आरोपी के मोबाइल में जो भी आपत्तिजनक वीडियाे मिले हैं, वो पीड़िता के हैं। बाकी फोटोज व वीडियो आरोपी की पत्नी और अन्य लोगों के हैं। पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है ताकि दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जा सके।
नाबालिग से बलात्कार के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो
अलवर जिला महिला कांग्रेस कमेटी की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में एक नाबालिग से हुए बलात्कार मामले के आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है। प्रदेश सचिव ऋतु मीणा और अध्यक्ष लीली यादव के नेतृत्व में कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने आरपीएस मनीषा मीणा व थानाधिकारी को ज्ञापन दिया।
यादव ने कहा कि इस तरह के कृत्य करने वालों का समाज में कोई स्थान नहीं है। इस दौरान जीतकौर सांगवान, लक्ष्मी जाटव, पूजन मीणा, बबली, सीमा आदि मौजूद रहीं।


