मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शनिवार को बैतूल आगमन से पहले युवा कांग्रेस के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। काले झंडे दिखाने और मुख्यमंत्री की यात्रा का विरोध करने के ऐलान के बाद पुलिस ने युवा कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को उनके घरों से हिरासत में लिया गया। वहीं, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजय सरदार यादव की तलाश की जा रही है। युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव सरफराज खान, राजेश गावंडे, राहुल परते, राजा सोनी, अमन खान, निलेश धुर्वे, मोहित खातरकर, नितिन विश्वास, सुमित और यश साहू सहित अन्य कार्यकर्ताओं के नाम सामने आए हैं। हिरासत लिए गए कार्यकर्ताओं को फिलहाल बैतूल कोतवाली में रखा गया है। काले झंडे दिखाने की घोषणा की थी
युवा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध करने की घोषणा की थी। संगठन का कहना है कि उसने कलेक्टर को पत्र देकर मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय मांगा था, लेकिन समय नहीं मिला। युवा कांग्रेस जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने, प्रभावित किसानों को मुआवजा देने, सरकारी मेडिकल कॉलेज शुरू करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए उद्योग स्थापित करने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखना चाहती थी। फसल प्रभावित होने पर नहीं मिली राहत
संगठन का कहना था कि जिले में कम बारिश के कारण किसानों की फसल प्रभावित हुई है। इसके बावजूद किसानों को पर्याप्त राहत नहीं मिल रही है। संगठन मेडिकल कॉलेज शुरू करने और जिले में नए उद्योग स्थापित कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग भी उठाना चाहता था। इधर, मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई। कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड से लेकर मुख्यमंत्री के काफिले के निर्धारित मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख चौक-चौराहों पर निगरानी बढ़ाई गई है। विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

