जयपुर में स्वच्छता को नई दिशा देने के लिए नगर निगम ने अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा की अगुवाई में 18 अप्रैल को सफाई सेवा मैराथन-2026 का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक शहर के 13 जोन और 150 वार्डों में एक साथ व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा। खास बात यह है कि इस दौरान निगम के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह फील्ड में रहकर काम करेंगे। इस महाअभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को निगम मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मोटिवेट किया। कसेरा ने बताया कि यह केवल एक प्रशासनिक पहल नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक बड़ा आंदोलन होगा, जिसका उद्देश्य स्वच्छ जयपुर, सुंदर जयपुर के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान को प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए सीएसआई (स्वच्छता निरीक्षक) की रैंकिंग तय की जाएगी। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और उनकी टीम को सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान पर आने वाले सीएसआई को 21 हजार रुपए, उनकी टीम के एसआई को 11 हजार रुपए और प्रत्येक जमादार को 1100 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसी तरह द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वालों को भी इसी क्रम में 11 हजार और 5100 रुपए तक की राशि दी जाएगी। यह प्रोत्साहन राशि सीएसआर के तहत राजस्थान सोलर एसोसिएशन द्वारा दी जाएगी। इसके साथ ही अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों को स्वच्छता हीरो और स्टार ऑफ नगर निगम के रूप में सम्मानित किया जाएगा, साथ ही उनकी फोटो एक महीने तक निगम में प्रदर्शित की जाएगी, ताकि अन्य कर्मचारी भी प्रेरणा मिल सके। आयुक्त ओम कसेरा ने विश्वास जताया कि यह अभियान शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगा और जयपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा कि निगम की पूरी टीम इस अभियान को सफल बनाने के लिए जुट गई है। ऐसे में आमजन की भागीदारी से इसे एक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।


