Chennai News: 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की हॉस्टलों में छापेमारी, छात्रों के कमरों से गांजा और उपकरण मिले

Chennai News: 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की हॉस्टलों में छापेमारी, छात्रों के कमरों से गांजा और उपकरण मिले

चेन्नई। उपनगरीय सोलिंगनल्लूर इलाके में स्थित कॉलेज छात्रों के हॉस्टलों और आवासीय सोसायटियों में रविवार को 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने अचानक छापेमारी की। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। करीब तीन घंटे चले इस अभियान में पुलिस ने छोटे-छोटे पैकेटों में रखा गांजा और इसके सेवन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए।

एक साथ तलाशी

पुलिस उपायुक्त रघुपति के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में सेम्मनचेरी के सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की विशेष टीमों ने 11 समूह बनाकर अलग-अलग आवासीय क्षेत्रों में एक साथ तलाशी शुरू की। अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के पहुंचने से इलाके में हलचल बढ़ गई। पुलिस ने सोलिंगनल्लूर और आसपास के क्षेत्रों में स्थित 100 से अधिक घरों तथा उन स्थानों की तलाशी ली, जहां कॉलेज छात्र किराए पर कमरे लेकर रह रहे हैं।

संदिग्ध सामान की जांच

छात्रों के कमरों और अन्य स्थानों में संदिग्ध सामान की जांच की गई। तलाशी के दौरान पुलिस को छोटे पैकेटों में गांजा मिला। इसके अलावा गांजा सेवन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए। सेम्मनचेरी के सेम्मनचेरी के सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि सोलिंगनल्लूर और आसपास के इलाकों में कॉलेज छात्रों के बीच नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन की शिकायतों को देखते हुए यह अचानक तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस का उद्देश्य नशीले पदार्थों की आपूर्ति और उनके इस्तेमाल पर रोक लगाना तथा क्षेत्र में इनके फैलाव को नियंत्रित करना है। अधिकारियों के अनुसार, छात्रों के रहने वाले इलाकों में ऐसी गतिविधियों की जानकारी जुटाकर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने दी चेतावनी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्रों के रहने वाले इलाकों में नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के साथ ही उनका सेवन करने वालों के खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे इलाकों में आगे भी अचानक जांच की जा सकती है। आमतौर पर तड़के शांत रहने वाले सोलिंगनल्लूर के आवासीय क्षेत्रों में एक साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और कई स्थानों पर चली तलाशी से स्थानीय लोगों और छात्रों के बीच भी काफी हलचल रही। पुलिस ने बताया कि नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन पर रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *