Mumbai Onam Special Train 2026: ओणम त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से तिरुवनंतपुरम नॉर्थ के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन कुल दो सेवाएं संचालित करेगी। इससे मुंबई, कोंकण, कर्नाटक और केरल जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
LTT से तिरुवनंतपुरम के लिए कब चलेगी ट्रेन?
ट्रेन नंबर 01463 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ स्पेशल रविवार को शाम 4 बजे मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन रात 11:30 बजे तिरुवनंतपुरम नॉर्थ पहुंचेगी। इस ट्रेन की एक सेवा संचालित की जाएगी।
वापसी में भी चलेगी स्पेशल ट्रेन
वापसी के लिए ट्रेन नंबर 01464 तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल 29 अगस्त को दोपहर 2 बजे तिरुवनंतपुरम नॉर्थ से रवाना होगी। ट्रेन तीसरे दिन रात 12:55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। इस ट्रेन की भी एक सेवा होगी।
किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन?
मुंबई से केरल के बीच चलने वाली यह स्पेशल ट्रेन कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इसके प्रमुख स्टॉपेज में ठाणे, पनवेल, पेण, रोहा, चिपलूण, रत्नागिरी, कणकवली, कुडाल, सावंतवाड़ी रोड, थिविम, करमाली, मडगांव, कारवार, कुमटा, मुरुडेश्वर, बिंदूर, कुंडापुर, उडुपी, मंगलुरु जंक्शन, कासरगोड, कन्नूर, कोझिकोड, तिरूर, शोरनूर जंक्शन, त्रिशूर, अलुवा, एर्नाकुलम टाउन, कोट्टायम, चंगनाशेरी, तिरुवल्ला, चेंगन्नूर, मावेलिक्कारा, कायमकुलम जंक्शन, करुनागप्पल्ली, सस्थामकोट्टा, कोल्लम जंक्शन और वर्कला शिवगिरी शामिल हैं।
24 ICF कोच की होगी ट्रेन
मध्य रेलवे के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में कुल 24 ICF कोच होंगे। इनमें 3 एसी-2 टियर, 4 एसी-3 टियर, 11 स्लीपर क्लास, 4 जनरल सेकंड क्लास और 2 लगेज कम गार्ड ब्रेक वैन शामिल हैं।
इस कोच संरचना से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अलग-अलग श्रेणियों में सीट उपलब्ध होने की उम्मीद है।
टिकट बुकिंग कब से शुरू?
ट्रेन नंबर 01463 के लिए आरक्षण 22 अगस्त से शुरू हो गया है। ओणम के दौरान केरल जाने वाले यात्रियों के लिए यह स्पेशल ट्रेन अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराएगी।

