फाजिल्का शहर में बुलेट में मॉडिफाई साइलेंसर के जरिए पटाखे बजाने वाले युवाओं के खिलाफ अब ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाया है। बता दें कि शहर के बाजार में ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी निकले हैं। पुलिस द्वारा मोडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिल चालकों को रोक कर उनके चालान किए जा रहे हैं । आज भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब पांच बुलेट मोटरसाइकिलों के हजारों रुपए के चालान कर दिए हैं । और हुल्लड़बाज युवाओं को कार्यवाही की सख्त चेतावनी दी है। लोगों की मिल रही थी शिकायतें जानकारी देते हुए ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी सुरिंदर कंबोज ने बताया कि बुलेट बाइक पर सवार होकर युवाओं द्वारा लगातार ध्वनि प्रदूषण करने की शिकायतें मिल रही थी । जिसके बाद पुलिस फिर एक्शन में आई है । उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार ऐसे युवाओं पर शिकंजा करने के लिए गश्त बढ़ा दी गई और शहर के मेन बाजार गौशाला रोड पर बुलेट बाइक सवार युवाओं को रोक लिया गया, जिनमें मॉडिफाई साइलेंसर के चालान किए जा रहे हैं। पुलिस कर्मचारी सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि करीब पांच बुलेट मोटरसाइकिलों को रोक उनके चालान किए गए हैं । जिसमें से दो बाइक के 7-7 हजार और तीन के 5-5 हजार के चालान किए गए है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं होगा बर्दाश्त उन्होंने कहा कि जिन बाइक पर बुलेट मॉडिफाई साइलेंसर लगा उनका 5000 और साथ में नंबर प्लेट सरकारी न होने के चलते 2000 यानि कुल 7 हजार का चालान किया जा रहा है । उन्होंने दो टूक साफ किया कि ट्रैफिक नियमों की उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा ।


