CEC Gyanesh Kumar के खिलाफ Supreme Court में याचिका दायर करेगा विपक्षी गठबंधन: Rahul Gandhi

CEC Gyanesh Kumar के खिलाफ Supreme Court में याचिका दायर करेगा विपक्षी गठबंधन: Rahul Gandhi

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि वह और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर करेंगे और ‘‘संविधान बचाने की लड़ाई’’ जारी रखेंगे। उन्होंने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि लोगों को राजधानी पहुंचने से रोका जा रहा है और बसों तथा ट्रेनों से उतारा जा रहा है। गांधी ने विपक्षी नेताओं के उच्चतम न्यायालय तक प्रस्तावित मार्च से पहले संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली को ‘‘पूरी तरह से किले में तब्दील’’ कर दिया गया है और हजारों पुलिसकर्मियों तथा सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज हम और ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता उच्चतम न्यायालय जाएंगे और याचिका दायर करेंगे। जो प्रतिरोध चल रहा है, वह एक दिन की बात नहीं है। हम लगातार यह कर रहे हैं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह नहीं समझा जाना चाहिए कि विरोध पांच दिन पहले शुरू हुआ है, बल्कि ‘‘यह प्रतिरोध वर्षों से चल रहा है।’’
गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोक रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोका जा रहा है। बस और ट्रेनों से लोगों को उतारा जा रहा है। दिल्ली को पूरी तरह से किले में तब्दील कर दिया गया है।’’
उन्होंने कहा कि विपक्ष की रणनीति अलग है और वह बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद अपना संदेश देश तक पहुंचाना चाहता है।

गांधी ने कहा, ‘‘हमारी रणनीति दूसरी है। हम जानते हैं कि 20-30 हजार पुलिसकर्मी सड़क पर खड़े होंगे। हम देश को यह दिखाना चाहते हैं कि मोदी सरकार ज्ञानेश कुमार का बचाव कर रही है।’’
उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार जितना ज्ञानेश कुमार का बचाव करेगी, उतनी ही बेनकाब होगी।

कांग्रेस नेता ने यह आरोप भी लगाया कि गृह मंत्रालय, दिल्ली पुलिस, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के भीतर यह सवाल पूछा जा रहा है कि ‘‘आरएसएस के गुंडों को सड़क पर खुला क्यों घूमने दिया जा रहा है और देशभक्त युवाओं को मारने-पीटने के लिए कहा जा रहा है।’’
गांधी ने दावा किया कि सरकार की रणनीति से विपक्ष को ‘‘बहुत फायदा’’ हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं खुशी से बताना चाहता हूं कि 50 प्रतिशत पुलिस वाले हमसे कह रहे हैं कि आप लोग जो कर रहे हैं वह ठीक है, यह करते जाइए।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि युवाओं के साथ मारपीट की जा रही है और उनका सवाल सिर्फ इतना है कि ‘‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं।’’
उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम जानते हैं आपकी क्या हालत है। आप रात को सो नहीं पा रहे हैं।

हम आपको छोड़ेंगे नहीं। आप नहीं बचेंगे। लाखों लोग आपके आचरण के बारे में सवाल कर रहे हैं और रुकने वाले नहीं हैं।’’
गांधी ने आरोप लगाया कि अब पुलिसकर्मी भी यह सवाल पूछ रहे हैं कि ‘‘हम ज्ञानेश कुमार जैसे चोर और देश-विरोधियों को क्यों बचा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन कितने दिन, कितने महीने या कितने साल चले, विपक्ष पीछे हटने वाला नहीं है।

गांधी ने कहा, ‘‘कितने भी दिन लगें, जितने महीने लगें, जितने साल लगें, हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। जो झूठ को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, वह थकने वाले हैं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बताना चाहता हूं कि आपकी सरकार के 200 अधिकारी हमारे संपर्क में हैं और वे हमें जानकारी दे रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि सरकार के भीतर से उन्हें बड़ी संख्या में सूचनाएं मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि ‘‘सच्चाई हमारे साथ है।’’
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सीईसी ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘विभिन्न अपराधियों ने हिंदुस्तान की आत्मा पर आक्रमण किया है’’ और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा तथा जवाबदेह ठहराया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘यह संविधान को बचाने की लड़ाई है। किसी व्यक्ति का कोई महत्व नहीं है। इसमें सिर्फ संविधान और भारत का महत्व है।’’
उन्होंने विपक्ष के आंदोलन का उल्लेख करते हुए इसमें सभी लोगों से शामिल होने की अपील की और कहा कि यह शिव की बारात है, जिसमें कोई भी शामिल हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *