महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाडा-अचलपुर इलाके से सामने आए अश्लील वीडियो कांड ने सनसनी फैला दी है। सोशल मीडिया पर करीब 350 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इस मामले में आरोपी युवक अपने परिवार के साथ फरार बताया जा रहा है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुट गई है।
19 वर्षीय आरोपी पर मामला दर्ज
इस गंभीर मामले में 19 वर्षीय युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। भाजपा विधायक प्रवीण तायडे (Pravin Tayade) की शिकायत पर परतवाडा पुलिस थाने में पॉक्सो और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ये वीडियो तेजी से फैल रहे हैं। आरोप है कि इन वीडियो में लड़कियों के साथ अश्लील हरकतें दिखाई गई हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। कई पीड़ित लड़कियां नाबालिग भी हैं।
राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे ने इस मामले को लेकर बड़ा दावा किया है। उनके अनुसार, करीब 180 लड़कियां इस कांड की शिकार हैं, जिनमें अधिकतर नाबालिग हैं।
लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर बनाया वीडियो
आरोप है कि मोहम्मद अयान और मोहम्मद जोयान नामक युवकों ने लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाया, उनके साथ अश्लील कृत्य किए और फिर उनका वीडियो बनाकर उन्हें ब्लॅकमेल करना शुरू कर दिया। इनमें से कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी किए।
शुरुआती तौर पर पता चला है कि परतवाडा शहर के गटरमलपुरा इलाके से जुड़े एक युवक ने इंस्टाग्राम और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर पीड़िताओं के कई अश्लील वीडियो शेयर किए।
SIT जांच की मांग, पुलिस पर सवाल
इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में भी आक्रोश है। सांसद अनिल बोंडे और हिंदू संगठनों ने अमरावती ग्रामीण पुलिस से मुलाकात कर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिस को इस मामले में पहले ही स्वतः संज्ञान लेना चाहिए था और कार्रवाई करनी चाहिए थी।
वीडियो हटाने की प्रक्रिया शुरू
अब इस पूरे मामले की एसआईटी से जांच करने की मांग हो रही है। इस बीच, औपचारिक शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है। साथ ही वायरल वीडियो के संबंध में महाराष्ट्र साइबर क्राइम विभाग को सूचित किया गया है। सोशल मीडिया से उन आपत्तिजनक वीडियो को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित लड़कियों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर महिला अधिकारी उनका बयान दर्ज करेंगी। उधर, इस घटना के बाद परतवाडा-अचलपुर क्षेत्र में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों और संगठनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।


