हरियाणा के रेवाड़ी में BJP नेता उत्तम सिंह के भतीजे जितेंद्र (40) की हत्या में गिरफ्तार दोस्त प्रवीण ठेकेदार ने नया खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रवीण ने गांव में पत्नी और जितेंद्र के अफेयर की बातें सुनी थीं। उसे यह पता चला था कि जब उसकी पत्नी घर पर अकेली होती है तो जितेंद्र आता है। इसके बाद वह अपनी पत्नी पर नजर रखने लगा। प्रवीण ने घर में CCTV कैमरे भी लगवा लिए। फिर एक दिन उसे पत्नी के फोन में जितेंद्र से बातचीत के सबूत मिले। करीब दो महीने तक पत्नी अफेयर से इनकार करती रही। मायके छोड़ने और माता-पिता को बताने की धमकी पर 7 सितंबर को रास्ते में उसने जितेंद्र से अफेयर की बात कबूल ली। इसके बाद प्रवीण ने पत्नी को मायके छोड़ा और जितेंद्र को फोन कर बुलाया। दोनों ने नहर पर शराब पी। फिर सुनसान जगह पर प्रवीण ने भतीजे अमन के साथ मिलकर जितेंद्र के सिर में रॉड मारकर हत्या कर दी। प्रवीण और अमन 3 दिन के रिमांड पर हैं। जानिए ASP ने क्या बताया… पहले हत्या की प्लानिंग नहीं थी ASP दीपिका अग्रवाल ने बताया कि पुलिस जांच में अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह लगे कि प्रवीण ने पहले से जितेंद्र की हत्या की प्लानिंग की थी। पत्नी के अफेयर की बात स्वीकार करने के बाद घटनाक्रम अचानक आगे बढ़ा। प्रवीण को ग्रामीणों से कई बार अपनी पत्नी और जितेंद्र के बीच संबंधों की चर्चा सुनने को मिली थी। दो महीने पहले दोनों के बीच फोन पर हुई बातचीत का पता चला। माता-पिता की धमकी से डरी पत्नी ASP के मुताबिक, प्रवीण ने पत्नी से इस बारे में पूछा, लेकिन बच्चों के बड़े होने के कारण वह पति के सामने जितेंद्र के साथ अफेयर की बात स्वीकार करने से हिचक रही थी। प्रवीण ने पत्नी को मायके छोड़ने और उसके माता-पिता को पूरी बात बताने की धमकी दी। इसके बाद पत्नी डर गई। जब प्रवीण पत्नी को मायके छोड़ने के लिए लेकर निकला तो रास्ते में पत्नी ने जितेंद्र के साथ अफेयर की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद प्रवीण ने उसे मायके छोड़ा। पत्नी को छोड़कर जितेंद्र को बुलाया ASP ने बताया कि पत्नी को छोड़ने के बाद प्रवीण ने अपने दोस्त जितेंद्र को फोन किया। दोनों के बीच पुरानी दोस्ती थी, इसलिए जितेंद्र उसके साथ बैठने के लिए तैयार हो गया। प्रवीण उसे लेकर नहर पर गया। दोनों ने वहां शराब पी। इसके बाद प्रवीण जितेंद्र को सुनसान जगह पर ले गया। मौका मिलते ही उसके सिर पर हमला कर दिया। प्रवीण कंस्ट्रक्शन ठेकेदार है और रॉड लेकर चलने के कारण जितेंद्र को उस पर कोई शक नहीं हुआ। जितेंद्र-प्रवीण का परिवार कमालपुर में रह रहा जितेंद्र और प्रवीण का परिवार कमालपुर गांव में ही रहता है। प्रवीण कंस्ट्रक्शन ठेकेदार है, वहीं जितेंद्र खेती करता था। प्रवीण अपने परिवार के साथ मकान के ऊपरी हिस्से में रहता है। उसके साथ पत्नी, 21 साल का बेटा और 19 साल की बेटी है। नीचे उसका छोटा भाई और उसका परिवार रहता है। पिता भी इसी मकान में रहते हैं, जबकि मां की मौत हो चुकी है। जितेंद्र भी अपने परिवार के साथ रहता था। उसी मकान में उसका भाई और उसका परिवार भी रहता है। जितेंद्र के परिवार में 19 साल का बेटा और 18 साल की बेटी है। उसके पिता की मौत हो चुकी है, जबकि मां इसी घर में रहती है। चाचा ने 20-25 लाख रुपए के लेनदेन का विवाद बताया जितेंद्र के चाचा उत्तम सिंह ने पहले हत्या के पीछे लेनदेन का विवाद होने का दावा किया था। उनका कहना था कि पिता की मौत के बाद जितेंद्र विदेश से वापस आया था। वह करीब पांच साल सऊदी अरब, ओमान, दुबई सहित चार अलग-अलग देशों में रहा था। उत्तम सिंह के मुताबिक विदेश से लौटने के बाद जितेंद्र ने अपना प्लाट बेचा था और प्रवीण को 20 से 25 लाख रुपए उधार दिए थे। एक साल पहले शुरू किए डेयरी कारोबार को बढ़ाने के लिए उसने ये पैसे दिए थे। जब जितेंद्र ने पैसे वापस मांगे तो प्रवीण ने साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अभी लेन-देन का विवाद सामने नहीं आया है। ———————————— ये खबर भी पढ़ें :- अफेयर को लेकर हुई BJP नेता के भतीजे की हत्या:रेवाड़ी में दोस्त और भतीजा गिरफ्तार; आरोपियों को गंजा कर मर्डर वाली जगह परेड कराई रेवाड़ी में भाजपा नेता उत्तम सिंह के भतीजे जितेंद्र (40) की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने जितेंद्र के दोस्त प्रवीण ठेकेदार और उसके भतीजे अमन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी प्रवीण और अमन का सिर मुंडवाकर भाड़ावास रोड पर परेड कराई। पढ़ें पूरी खबर…

