डबल मर्डर के साए से बाहर आया बायोगैस प्लांट, 47 दिन बाद फिर गूंजा उत्पादन, सख्त सुरक्षा में शुरू हुआ संचालन

डबल मर्डर के साए से बाहर आया बायोगैस प्लांट, 47 दिन बाद फिर गूंजा उत्पादन, सख्त सुरक्षा में शुरू हुआ संचालन

बदायूं। सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल का कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट आखिरकार 47 दिनों की बंदी के बाद दोबारा चालू हो गया। डबल मर्डर की सनसनी के बाद ठप पड़े इस प्लांट को मंगलवार को सीएम सलाहकार अवनीश अवस्थी ने पूजा-अर्चना के साथ शुरू कराया। अब प्रशासन ने सुरक्षा और पारदर्शिता पर खास जोर दिया है।

12 मार्च को प्लांट में कंपनी के दो अधिकारियों सुधीर गुप्ता और हर्षित मिश्रा की हत्या के बाद पूरे परिसर में सन्नाटा छा गया था। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से उत्पादन पूरी तरह बंद कर दिया गया था, जिससे स्थानीय रोजगार और किसानों की आय पर भी असर पड़ा। करीब डेढ़ महीने बाद अब प्रशासन और प्रबंधन की संयुक्त तैयारी के बाद प्लांट ने फिर रफ्तार पकड़ी है।

पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ संचालन

सीएम सलाहकार अवनीश अवस्थी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर और बॉयलर में पराली डालकर उत्पादन प्रक्रिया की शुरुआत कराई। उन्होंने साफ कहा कि उद्योगों का सुरक्षित और पारदर्शी संचालन सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस दौरान डीएम, एसएसपी और एचपीसीएल के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया गया है। हर एंट्री पॉइंट पर निगरानी, सीसीटीवी कैमरे और पुलिस चौकी की व्यवस्था की गई है। अवस्थी ने खुद पैदल निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

भर्ती में सख्ती: एक परिवार से एक ही नौकरी

इस बार संचालन कर रही सोपान कंपनी ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता अपनाई है। कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया है और गुटबाजी रोकने के लिए एक परिवार से एक ही सदस्य को नौकरी देने का नियम लागू किया गया है। करीब 90 कर्मचारियों की नई भर्ती की गई है। प्लांट के शुरू होने से किसानों को पराली बेचकर अतिरिक्त आय मिलेगी, वहीं पराली जलाने की समस्या पर भी रोक लगेगी। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण में कमी आएगी।

रोजगार और विकास को मिलेगी नई रफ्तार

लंबे समय से बंद प्लांट के चलते प्रभावित हुए स्थानीय युवाओं और श्रमिकों के लिए यह राहत भरी खबर है। प्रशासन को उम्मीद है कि अब सख्त सुरक्षा और नई व्यवस्थाओं के साथ प्लांट बिना किसी बाधा के लगातार चलता रहेगा। अवनीश अवस्थी ने सैजनी में बन रही महिला PAC बटालियन का भी निरीक्षण किया। करीब 68 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और जुलाई 2026 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *