Durg Nagar Nigam: नगर पालिक निगम रिसाली और दुर्ग ने करदाताओं की सुविधा और कर वसूली प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। मार्च माह के सभी शनिवार और रविवार को भी निगम के टैक्स काउंटर खुले रहेंगे। इन दिनों काउंटर सुबह 10 से शाम छह बजे तक संचालित होंगे, ताकि कामकाजी लोग भी आसानी से अपना कर जमा कर सकें।
Durg Nagar Nigam: जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च
निगम प्रशासन के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष का संपत्तिकर, यूजर चार्ज, जलकर, भू-भाटक और दुकान किराया बिना किसी अतिरिक्त अधिभार के जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है। इसके बाद कर जमा करने पर जुर्माना देना पड़ सकता है। जिन करदाताओं का पिछला बकाया लंबित है, वे भी इस अवधि में भुगतान कर बढ़ते हुए अधिभार से बच सकते हैं।
दोनों निगम प्रशासन ने करदाताओं की सुविधा के लिए त्रि-स्तरीय व्यवस्था लागू की है। सहायक राजस्व निरीक्षक सीधे घरों और दुकानों तक पहुंचकर कर वसूली कर रहे हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि ये अधिकृत कर्मचारी हैं, जिन्हें करदाता राशि देकर रसीद प्राप्त कर सकते हैं।
डिजिटल भुगतान की भी सुविधा
जो लोग निगम कार्यालय नहीं पहुंच सकते, उनके लिए ऑनलाइन लिंक के माध्यम से घर बैठे डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। नगर निगम के मुख्य कार्यालय सहित सभी जोन कार्यालयों में विशेष काउंटर संचालित किए जा रहे हैं। रिसाली नगर निगम आयुक्त मोनिका वर्मा और दुर्ग निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने नागरिकों से अपील करदाताओं से अपील की है कि वे 31 मार्च से पहले अपने करों का भुगतान कर अतिरिक्त अधिभार से बचें।


