CG News: घर बैठे मिलेंगी 441 सरकारी सुविधाएं, मुख्यमंत्री ने नए पोर्टल का किया शुभारंभ

CG News: घर बैठे मिलेंगी 441 सरकारी सुविधाएं, मुख्यमंत्री ने नए पोर्टल का किया शुभारंभ

CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत संचालित ई-डिस्ट्रिक्ट परियोजना के उन्नत संस्करण ‘सेवा सेतु’ का लोकार्पण किया। छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) द्वारा आमजन तक प्रभावशाली, पारदर्शी और डिजिटल नागरिक सेवाओं की सुलभ पहुंच के लिए इसे तैयार किया गया है।

सेवा सेतु’ के माध्यम से अब एक ही पोर्टल पर 441 शासकीय सेवाएं मिलेंगी। इसमें 54 नई सेवाएं और 329 री-डायरेक्ट सेवाएं शामिल हैं। बता दें कि पत्रिका ने इसे लेकर जुलाई 2025 में केंद्र सरकार की एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी। इसमें ई-सेवाओं देने के मामले में छत्तीसगढ़ का देश में 27वां स्थान था।

वाॅट्सऐप ऐप से भी मिलेगी सेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब वाॅट्सऐप ऐप के माध्यम से भी सेवाओं की जानकारी सहज रूप से प्राप्त की जा सकेगी। आय, जाति, निवास, राशनकार्ड और विवाह पंजीयन जैसे प्रमुख प्रमाण-पत्रों सहित अब तक 3.2 करोड़ से अधिक ट्रांजेक्शन किए जा चुके हैं। इतने ही प्रमाण-पत्र जारी किए जा चुके हैं, जबकि 30 से अधिक विभागों के एकीकरण के साथ यह प्लेटफॉर्म एक सशक्त “वन स्टॉप सॉल्यूशन” के रूप में विकसित हो चुका है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से डिजिटल नागरिक सेवाएं और अधिक सशक्त और प्रभावी होंगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित मंत्रिमंडल के सभी मंत्रीगण उपस्थित थे।

पोर्टल पर 22 भाषाएं

नई प्रणाली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), आधार, वाॅट्सऐप ऐप और ‘भाषिणी’ जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग किया गया है। इससे नागरिक वाॅट्सऐप ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे, सेवा की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही आधार आधारित ई-केवाईसी, डिजी लॉकर, ई-प्रमाण और उमंग जैसे प्लेटफॉर्म के साथ एकीकरण कर सेवाओं को और अधिक सरल, सुरक्षित और सुलभ बनाया गया है। ‘सेवा सेतु’ में ट्रेजरी और ई-चालान का एकीकरण किया गया है, जिससे नागरिक एक ही प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन भुगतान कर तत्काल डिजिटल रसीद प्राप्त कर सकेंगे।

यह भी है पोर्टल पर खास

पोर्टल पर क्यूआर कोड आधारित प्रमाण-पत्र सत्यापन, क्लाउड स्टोरेज, डिजिटल सिग्नेचर, रीयल-टाइम डैशबोर्ड और एमआईएस रिपोर्टिंग जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं तथा यह पोर्टल 22 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे भाषा की बाधा समाप्त हो गई है। लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2011 के तहत सेवाओं की समय-सीमा सुनिश्चित करने के लिए ऑटोमेटिक पेनल्टी कैलकुलेशन, समय-सीमा संकेतक और स्वतः शिकायत पंजीकरण जैसी व्यवस्थाएं भी लागू की गई हैं, जिससे जवाबदेही और पारदर्शिता को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *