राजस्थान को बड़ा तोहफा: पीएम नरेंद्र मोदी पचपदरा रिफाइनरी का 21 अप्रेल को करेंगे उद्घाटन

राजस्थान को बड़ा तोहफा: पीएम नरेंद्र मोदी पचपदरा रिफाइनरी का 21 अप्रेल को करेंगे उद्घाटन

Pachpadra Refinery Inauguration: ईरान-अमेरिका व इजरायल युद्ध के बीच, जहां पेट्रोलियम पदार्थों व गैस की कमी हो रही है, वहीं प्रदेश के लिए एक बड़ी खुशखबर है। करीब 80 हजार करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रही पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण 21 अप्रेल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। प्रधानमंत्री 21 को पचपदरा आएंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मंगलवार को दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को मंजूरी मिली है।

कार्यक्रम की पुष्टि करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह रिफाइनरी मारवाड़ सहित पूरे राजस्थान के आर्थिक कायाकल्प और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने वाली ‘भाग्यरेखा’ सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रिफाइनरी के उद्घाटन को लेकर मुलाकात की थी। मंगलवार को उनकी भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात हुई। इसी दौरान रिफाइनरी के उद्घाटन का दिन तय हो गया।

गेमचेंजर होगी रिफाइनरी

रोजगार के लिहाज से भी रिफाइनरी परियोजना को गेमचेंजर माना जा रहा है। अनुमान है कि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 50 हजार नए रोजगार सृजित होंगे। इसमें तकनीकी, कुशल और अर्द्धकुशल श्रमिकों के साथ-साथ सेवा क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इससे न केवल शहरी बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी संबल मिलेगा।

व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क

पचपदरा रिफाइनरी देश की पहली ऐसी परियोजना है, जिसमें पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स भी साथ में स्थापित किया गया है। इस कारण यह परियोजना न केवल राजस्थान बल्कि देश के औद्योगिक मानचित्र में भी विशेष महत्व रखती है। उद्घाटन समारोह को लेकर सुरक्षा, यातायात, जनसभा स्थल, पार्किंग, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पचपदरा शहर सहित हाईवे की सड़कों को दुरस्त करने के साथ ही रिफाइनरी क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे है।

पश्चिमी राजस्थान के हर जिले से आएंगे लोग

जानकारी के अनुसार रिफाइनरी उद्घाटन समारोह के प्रचार-प्रसार को लेकर भी व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन में करीब दो लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना को देखते हुए उसके अनुरूप प्रचार सामग्री तैयार कराई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाई जा सके।

समारोह में पश्चिमी राजस्थान के बालोतरा, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, पाली, जालौर, सिरोही, नागौर, बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। रिफाइनरी उद्घाटन को लेकर पचपदरा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और इसे बालोतरा जिले के साथ-साथ पूरे पश्चिमी राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *