Finn Allen Sixes Record: आईपीएल 2026 में KKR के फिन एलन ने ईडन गार्डन्स स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 35 गेंदों में 93 रनों की तूफानी पारी खेलकर इतिहास रच दिया है। 10 छक्के जड़कर वो क्रिस गेल जैसे दिग्गजों के एक बेहद खास और एलीट क्लब में शामिल हो गए हैं।
Finn Allen Sixes Record: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए करो या मरो के मुकाबले में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने अपने बल्ले से ऐसी तबाही मचाई कि गुजरात टाइटंस (GT) का पूरा गेंदबाजी आक्रमण ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में फिन एलन ने महज 35 गेंदों पर 93 रनों की बेहद विस्फोटक पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने मैदान के चारों तरफ गगनचुंबी छक्के बरसाए और आईपीएल के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया।
क्रिस गेल के खास क्लब में एंट्री
फिन एलन ने अपनी इस तूफानी पारी के दौरान कुल 10 बार गेंद को बाउंड्री लाइन के पार (छक्के के लिए) भेजा। दिलचस्प बात यह है कि पिछले ही हफ्ते दिल्ली में शतक लगाते हुए भी उन्होंने ठीक 10 छक्के जड़े थे। इसके साथ ही फिन एलन IPL के इतिहास में पहले ऐसे दाएं हाथ के बल्लेबाज और ओवरऑल चौथे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने एक से ज्यादा बार अपनी पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं। अब वो वेस्टइंडीज के यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल, भारत के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा के बेहद खास क्लब में शामिल हो गए हैं।
एक IPL पारी में 2 या उससे ज्यादा बार 10+ छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
- क्रिस गेल: 4 बार (17 बनाम PWI, 13 बनाम DD, 12 बनाम KXIP, 11 बनाम SRH)
- वैभव सूर्यवंशी: 2 बार (12 बनाम SRH, 11 बनाम GT)
- अभिषेक शर्मा: 2 बार (10 बनाम PBKS, 10 बनाम DC)
- फिन एलन: 2 बार (10 बनाम DC, 10 बनाम GT)
रिकॉर्ड तोड़ने से चूकी KKR, लगाए रिकॉर्ड 22 छक्के
केकेआर ने ग्रीन, रघुवंशी और रहाणे के छक्कों की मदद से पारी में कुल 22 छक्के जड़े और गुजरात के खिलाफ 247/2 का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में, साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद शुभमन गिल (85) और बटलर (57) की पारियों के बावजूद गुजरात 218/4 रन ही बना सकी। केकेआर ने यह मैच 29 रनों से जीतकर प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखीं।
Sports – Patrika | CMS



Finn Allen with back to back sixes against Kagiso Rabada 