भीषण गर्मी में उबले बरेली वाले, पारा पहुंचा 41 डिग्री:हीट वेव के चलते आसमान से बरस रही आग, बिजली कटौती और पानी की किल्लत से लोग त्राहि-त्राहि करने को मजबूर

भीषण गर्मी में उबले बरेली वाले, पारा पहुंचा 41 डिग्री:हीट वेव के चलते आसमान से बरस रही आग, बिजली कटौती और पानी की किल्लत से लोग त्राहि-त्राहि करने को मजबूर

बरेली में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है, जिसने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। आज शहर का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक वृद्धि होगी, जिससे हीट वेव (लू) के हालात और ज्यादा खराब हो सकते हैं। सुबह के समय पार्क में मॉर्निंग वॉक पर आए स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार गर्मी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। आसमान से बरसती आग के कारण लोग बेहाल हैं। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों का असर शहर के प्रमुख चौराहों पर भी साफ देखा जा सकता है। बरेली के प्रसिद्ध झुमका चौराहे और डमरू चौराहे पर दोपहर के समय पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहता है। लोग बहुत जरूरी काम होने पर ही अपने घरों से बाहर कदम रख रहे हैं। इस जानलेवा गर्मी की वजह से अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और स्किन (त्वचा) से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इंसानों के साथ-साथ इस मौसम की सबसे बड़ी मार बेजुबान पशु-पक्षियों पर पड़ रही है। पानी के स्रोत सूखने के कारण उन्हें पीने का पानी तक नसीब नहीं हो पा रहा है। बिजली कटौती से बरेलीवासियों का बुरा हाल
एक तरफ जहां प्रकृति का कहर जारी है, वहीं दूसरी तरफ बिजली कटौती ने स्थानीय निवासियों की रातों की नींद उड़ा दी है। बरेली के कई इलाकों में रात-रात भर अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। ओवरलोडिंग के कारण आए दिन बिजली के तारों में फाल्ट हो रहे हैं और ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के अफसर अपनी मनमानी पर उतारू हैं और शिकायत के लिए फोन करने पर भी रिस्पॉन्स नहीं दे रहे हैं। बिजली कटौती से आजिज आकर परेशान जनता जगह-जगह सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रही है, जिसके बाद कानून व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ रहा है। पार्क में टहलने आए लोगों ने दी गर्मी से बचने की सलाह
सुबह पार्क में मॉर्निंग वॉक पर आए स्थानीय निवासियों ने भीषण गर्मी को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। टहलने आए विकास बंसल और उनके साथियों का कहना है कि लगातार बढ़ता तापमान और हीट वेव का खतरा बेहद गंभीर होता जा रहा है। मौसम के इन तीखे तेवरों को देखते हुए उन्होंने लोगों से अपील की है कि जब तक कोई बहुत जरूरी काम न हो, दोपहर के समय तेज धूप में घरों से बाहर निकलने से बचें। ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की अपील
पार्क में मौजूद लोगों ने स्वास्थ्य के प्रति सचेत करते हुए कहा कि इस जानलेवा गर्मी और लू से बचने का सबसे प्रभावी उपाय यही है कि शरीर में पानी की कमी न होने दी जाए। उन्होंने सभी को थोड़ी-थोड़ी देर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार और मौसम विभाग की तरफ से जारी की जाने वाली गाइडलाइंस और अलर्ट का पालन करने की बात कही, ताकि इस भीषण तपिश के दौर में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं से सुरक्षित रहा जा सके। वही एक व्यक्ति का कहना है सरकार फ्री राशन की जगह फ्री में सभी को एसी बांटे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *