Baran: 2.13 लाख हैक्टेयर में गेहूं की रेकॉर्ड बुवाई, 10 लाख MT उत्पादन की उम्मीद, जानें कब से शुरू होगी MSP पर खरीद

Baran: 2.13 लाख हैक्टेयर में गेहूं की रेकॉर्ड बुवाई, 10 लाख MT उत्पादन की उम्मीद, जानें कब से शुरू होगी MSP पर खरीद

बारां जिले में इस वर्ष गेहूं की रेकॉर्ड बुवाई 2.13 लाख हैक्टेयर में हुई है। उत्पादन 10 लाख मीट्रिक टन से अधिक रहने की उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में किसानों की निगाहें 10 मार्च से शुरू होने वाली समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद पर टिकी हैं। समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए 1 फरवरी से ऑनलाइन पंजीयन शुरू हो चुके हैं, जो 25 जून तक जारी रहेंगे। खरीद प्रक्रिया 30 जून तक संचालित होगी।

Genhu
फोटो: पत्रिका

24 केंद्रों पर होगी खरीद

जिले में पांच एजेंसियां 24 केंद्रों पर गेहूं की खरीद करेंगी। इनमें राजफेड 13 केंद्रों पर, एफसीआई 4, तिलमसंघ 4, एनसीसीएफ 2 तथा नाफेड 1 केंद्र पर खरीद करेगी। प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन लगभग 25 टोकन जारी किए जाएंगे और प्रति किसान अधिकतम 40 क्विंटल गेहूं की खरीद की जाएगी। केंद्र सरकार ने इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। हालांकि राज्य सरकार ने अभी तक बोनस की घोषणा नहीं की है। किसान महापंचायत के प्रदेश संयोजक सत्यनारायण सिंह ने बताया कि सरकार ने 2700 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीद का वादा किया था। गत वर्ष राज्य सरकार ने 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया था।

Genhu
फोटो: पत्रिका

इस वर्ष रेकॉर्ड बुवाई

गत वर्ष जिले में 1.46 लाख हैक्टेयर में गेहूं की बुवाई हुई थी, जो इस वर्ष बढ़कर 2.13 लाख हैक्टेयर तक पहुंच गई है। इससे पहले वर्ष 2019-20 में 1.81 लाख हैक्टेयर में बुवाई हुई थी और 9.60 लाख एमटी उत्पादन हुआ था। कृषि विभाग के अनुसार इस बार अनुकूल परिस्थितियों के चलते उत्पादन 10 लाख एमटी से अधिक हो सकता है। खुले बाजार में भावों में अधिक उछाल की संभावना कम दिख रही है, ऐसे में समर्थन मूल्य केंद्रों पर किसानों की विशेष भीड़ रहने की संभावना है।

यहां स्थापित किए गए हैं खरीद केंद्र

अटरु, अन्ता, किशनगंज, छबड़ा, छीपाबड़ौद, बारां, मांगरोल और शाहाबाद तहसीलों के विभिन्न केवीएसएस एवं जीएसएस केंद्रों सहित कुल 24 स्थानों पर समर्थन मूल्य खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं।

गत दस वर्षो में जिले में गेहूं का उत्पादन

वर्ष एरिया(हैक्टेयर) उत्पादन (एमटी)
2015-16 159434 579383
2016-17 162567 755936
2017-18 115447 556030
2018-19 145939 734089
2019-20 181699 960909
2020-21 120210 601050
2021-22 108850 587790
2022-23 129772 605638
2023-24 125080 570577
2024-25 146574 709492
2025-26 213000 (10 लाख एमटी अनुमानित)

जिले में 10 मार्च से शुरु होने वाली समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारिया की जा रही है। वर्तमान में एफसीआई के पास 10 लाख कट्टे बारदान का स्टॉक है। केन्द्रो पर प्रतिदिन अधिक से अधिक माल की तुलाई हो सके तथा उठाव व्यवस्था सुदृड़ रहे इसके प्रयास किए जा रहे है। संबधित अधिकारियों व संवेदको को पूर्व में ही दिशा निर्देश जारी किए जा रहे है।
विश्वजीत सिंह, उप जिला कलक्टर, बारां

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *